गरियाबंद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 280 बोरा खाद से भरा मेटाडोर जब्त, ओडिसा से हो रही तस्करी, 126 क्विंटल DAP के अवैध परिवहन पर कसा शिकंजा
Major police crackdown in Gariaband: Matador truck loaded with 280 sacks of fertilizer seized; smuggling from Odisha intercepted; illegal transport of 126 quintals of DAP halted.
गरियाबंद : किसानों के खेतों तक पहुंचने वाली DAP खाद इस बार शायद किसी और ही मंजिल की तरफ निकल पड़ी थी. लेकिन गरियाबंद पुलिस ने उसकी “रहस्यमयी यात्रा” पर समय रहते ब्रेक लगा दिया. देवभोग थाना क्षेत्र के ग्राम तेतलखुटी में पुलिस ने एक मेंटाडोर वाहन से 126 क्विंटल DAP खाद बरामद कर बड़ा खुलासा किया है.
मुखबिर की खबर पर सक्रिय हुई पुलिस ने जब CG 07 CK 3719 नंबर के मेंटाडोर को रोका. तो उसमें DAP खाद की 280 बोरियां भरी मिलीं. हर बोरी में करीब 45 किलो खाद थी. कुल मिलाकर 12,600 किलो यानी 126 क्विंटल DAP वाहन में लदा था. बाजार मूल्य करीब 3.78 लाख रुपये आंका गया.
पुलिस ने चालक युधिष्ठिर दनता से पूछा कि आखिर इतनी बड़ी तादाद में खाद कहां से आई और कहां जा रही है. लेकिन कागजातों की फाइल शायद कहीं रास्ते में ही “खाद” हो गई थी. चालक कोई संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने बिना टिकट चल रही इस “खाद एक्सप्रेस” को तत्काल जब्त कर लिया.
पुलिस ने DAP खाद के साथ करीब 5 लाख रुपये कीमत का मेंटाडोर भी जब्त किया. इस तरह कुल 8.78 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस के कब्जे में आ गई है. अब कृषि विभाग और पुलिस यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह खाद आखिर किसानों के खेतों के लिए थी या कालाबाजारियों की तिजोरी भरने के लिए.
गरियाबंद पुलिस का कहना है कि किसानों के हक पर डाका डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि अगर कहीं खाद, बीज या अन्य कृषि सामग्री की कालाबाजारी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को खबर दें, क्योंकि किसानों का हक बचाना सबकी जिम्मेदारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



