कटघोरा गोलीकांड: 10 हजार रुपये की सुपारी देकर यूपी से बुलाया गया शूटर, 3 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार, देसी कट्टा बरामद
Katghora firing incident: Shooter called from UP for Rs 10,000, 3 accused arrested, mastermind absconding, search continues
कोरबा : कटघोरा के कसनिया इलाके में हुई फायरिंग की घटना ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया था. पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों दुर्गेश पांडेय, हर्ष सिंह और आशीष जांगड़े को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. लेकिन इस पूरे मामले का मुख्य साज़िशकर्ता शक्ति सिंह अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है. पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद साजिश की पूरी कहानी सामने आएगी.
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात बाइक सवार युवकों ने कसनिया में रहने वाले मोहम्मद इब्राहिम मेमन की दुकान और घर पर गोली चलाई. वारदात के समय घर के लोग बाहर निकले तो हमलावर भाग निकले. प्रतापगढ़, उत्तरप्रदेश निवासी शूटर दुर्गेश पांडेय को मौके पर ही पकड़ लिया गया. उसने पूछताछ में बताया कि उसे फायरिंग के लिए 10 हजार रुपये की सुपारी दी गई थी और असल प्लानिंग इब्राहिम के बेटे तौफिक को गोली मारकर दहशत फैलाने की थी.
पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात के बाद दुर्गेश ने कपड़े बदलकर बस में भागने की कोशिश की. लेकिन सतर्क लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया. गुरुवार को पुलिस ने उसे पनाह देने वाले आशीष जांगड़े और हर्ष को भी गिरफ्तार कर लिया. सभी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया.
इस हमले के पीछे तौफिक के अंतरजातीय विवाह को वजह माना जा रहा है। घटना के बाद से पूरा परिवार सहमा हुआ है और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग कर रहा है. पुलिस ने मौके से खाली कारतूस, घटना में इस्तेमाल बाइक नम्बर CG 12-M 3082 और आरोपियों की निशानदेही पर झाड़ियों से बरामद देसी कट्टा जब्त किया है. फिलहाल मुख्य आरोपी शक्ति सिंह की तलाश जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



