झगड़े से उजड़ा परिवार: पत्नी के रूठकर मायके जाने से आहत पति ने उठाया खौफनाक कदम, दो बच्चो के साथ जहर खाकर दी जान, तीन शव मिलने से मातम
Family Devastated by Dispute: Husband Takes Drastic Step After Wife Leaves for Her Parents' Home in Anger; Ends Life by Consuming Poison Along with Two Children; Discovery of Three Bodies Sparks Grief.
जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले के नैला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरकोनी में एक दर्दनाक और हृदय विदारक घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति और उसके दो मासूम बच्चों के शव घर के अंदर संदिग्ध हालत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया और जांच शुरु कर दी गई है. यह मामला नैला चौकी क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक करीब एक हफ्ता पहले मृतक रमेश कुमार पटेल का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था. विवाद के बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी. 16 जून को रमेश अपनी पत्नी को वापस घर लाने के लिए गया था. लेकिन पत्नी के साथ लौटने से इंकार करने पर वह अकेला वापस आ गया.
मृतक रमेश का पिता परदेसी राम पटेल बुधवार सुबह 8 बजे कटनाई गांव में धान कुटवाने के लिए आए थे. उसे करीब करीब 11:30 बजे उसके बेटे और दोनों नाती की घर में मृत पड़े होने की खबर मिली, फौरन वह अपने बेटे के घर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई.
पुलिस की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई. मौके पर तीनों के शव को बरामद किया गया। मृतकों की पहचान मृतकों में रमेश कुमार पटेल उम्र 35 साल, आदर्श पटेल उम्र 3 साल और अभिनव पटेल उम्र 2 साल के रूप में की गई. नैला चौकी पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी जांजगीर श्रीमती योगिताबाली खापर्डे भी मौके पर पहुंचीं और जांच की निगरानी की.
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि रमेश ने कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ का सेवन किया और उसके बाद यह दुखद घटना हुई, हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि मौत की असल वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
फिलहाल पुलिस आत्महत्या सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्य सामने आने के बाद ही घटना के बारे में कोई अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा.
इस दर्दनाक घटना से ग्राम बिरकोनी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं और हर कोई इस त्रासदी को लेकर दुख व्यक्त कर रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



