कछुआ तस्करी का खुलासा, ग्राहक बनकर पहुंची वन विभाग की टीम ने बिछाया जाल, सौदा तय होते ही तस्करों की घेराबंदी, छह कछुआ तस्कर गिरफ्तार
Turtle smuggling racket uncovered; Forest Department team, posing as customers, set a trap—closing in on the smugglers as the deal was being finalized—and arrested six individuals.
सूरजपुर : सूरजपुर जिले में वन्यजीवों की अवैध खरीद-फरोख्त और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए वन विभाग तथा वन्यजीव अपराध नियंत्रण दल ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है. टीम ने सूरजपुर बस स्टैंड के आसपास रणनीतिक घेराबंदी कर कछुआ तस्करी के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया. इस दौरान आरोपियों के पास से तीन जीवित कछुए बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया है. जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
ग्राहक बनकर बिछाया जाल
सूरजपुर क्षेत्र में जीवित कछुओं की खरीद-फरोख्त की तैयारी किए जाने की खबर वन विभाग को मिली. इस जानकारी के आधार पर वन विभाग और वन्यजीव अपराध नियंत्रण दल की संयुक्त टीम ने तस्करों को पकड़ने की प्लान बनाई. तस्करों तक पहुंचने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों ने खुद ग्राहक बनकर आरोपियों से संपर्क साधा. जब कछुओं का सौदा तय हो गया. तब आरोपियों को बस स्टैंड के पास बुलाया गया. जैसे ही आरोपी कछुओं के साथ वहां पहुंचे. टीम ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा.
टोटका करने में इस्तेमाल की आशंका
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से तीन जीवित कछुए बरामद हुए. मामले की प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि इन कछुओं का उपयोग सिर्फ खरीद-फरोख्त और तस्करी तक ही सीमित नहीं था. बल्कि टोटका करने के मकसद से भी इनका इस्तेमाल किया जाना था. पूरी कार्रवाई के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरु कर दी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



