भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मुकेश गर्ग पर फिर लगा गंभीर आरोप : पड़ोसी ने कलेक्टर से लगाईं इंसाफ की गुहार, पत्नी के लापता होने का दावा
Serious allegations leveled once again against BJP district media in-charge Mukesh Garg: Neighbor seeks justice from the District Collector, claims his wife has gone missing.
सूरजपुर : भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी और वार्ड नम्बर 3 के पार्षद मुकेश गर्ग के खिलाफ सूरजपुर के जेलपारा निवासी राजेश सोनी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपी है. 25 नवंबर 2026 को दिए गए इस आवेदन में शिकायतकर्ता ने गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, शिकायत वापस लेने और पक्ष में बयान देने का दबाव बनाने, परिवार को प्रताड़ित करने और 23 नवंबर से अपनी पत्नी के लापता होने का दावा किया है.
21 नवंबर की रात का घटनाक्रम और विवाद के आरोप
शिकायत के मुताबिक राजेश सोनी का आरोप है कि 21 नवंबर की देर रात उन्हें खबर मिली कि जेलपारा स्थित उनके मकान में कोई व्यक्ति मौजूद है. जब वे अपने छोटे भाई और मां के साथ मौके पर पहुंचे तो मकान के अंदर का कमरा बंद था. काफी देर तक दरवाजा खुलवाने के प्रयास के बाद कथित तौर पर कमरे से मुकेश गर्ग बाहर निकले. आरोप है कि इस दौरान उनके और परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हुआ. गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई. शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि उनके पास इस घटना का वीडियो मौजूद है.
दबाव बनाने और पत्नी के लापता होने का दावा
राजेश सोनी ने आरोप लगाया है कि घटना के अगले दिन से ही उन पर लगातार फोन किए जाने लगे और फोन न उठाने पर मुकेश गर्ग के भाई और अन्य लोगों को घर भेजा गया. शिकायतकर्ता के मुताबिक जब वे अपने भाई और मां के साथ बातचीत के लिए पहुंचे तो कथित तौर पर राजनीतिक पहुंच और सत्ता का प्रभाव दिखाते हुए धमकाया गया. पुराने जमीन विवाद का हवाला दिया गया और शिकायत वापस लेने और अपने पक्ष में वीडियो बनवाने के लिए दबाव बनाया गया. उन्होंने करीब एक घंटे तक घर में रोके रखने और बाद में भी अलग-अलग जरिए से धमकियां मिलने का आरोप लगाया है.
मामले में नया मोड़ 23 नवंबर से पत्नी के लापता होने के दावे के साथ जुड़ा है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनकी पत्नी को पक्ष में बयान देने के लिए प्रभावित किया जा रहा है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब पत्नी घर में अकेली रहती थीं और दोनों परिवारों के बीच कोई समझौते की स्थिति नहीं थी. तो आधी रात को किस बात का समझौता कराने की जरूरत थी. हालांकि इस पूरे मामले की शुरुआती चर्चाओं के दौरान अलग-अलग दावे और प्रतिदावे भी सामने आए थे- एक ओर गंभीर आरोप और धमकियों की बातें कही गईं, तो दूसरी तरफ पारिवारिक विवाद, समझाइश और ससुराल पक्ष से जुड़े आरोपों की चर्चा भी रही.
मेडिकल जांच, कॉल डिटेल और सुरक्षा की मांग
राजेश सोनी ने जिला प्रशासन और पुलिस से पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उन्होंने अपनी पत्नी की सहमति और कानून के दायरे में मेडिकल चेकअप कराने और संबंधित लोगों की कॉल डिटेल खंगालने का आग्रह किया है. ताकि संपर्क और घटनाक्रम के तथ्यों की सहीं जांच हो सके. शिकायतकर्ता ने अपनी और परिवार की जान को खतरा बताते हुए हत्या की साजिश या झूठे मामले में फंसाए जाने की आशंका जताई है. और सुरक्षा की मांग की है. आवेदन में उन्होंने खुद के और परिवार के साथ किसी अप्रिय घटना होने पर मुकेश गर्ग को जिम्मेदार ठहराने की बात भी लिखी है.
राजनीतिक चुप्पी और जांच की चुनौती
इस मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा बनी हुई है. भाजपा जिलाध्यक्ष और संगठन की तरफ़ से अब तक सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है. दूसरी तरफ दोनों पक्षों के दावों, वायरल वीडियो/फुटेज और तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है. ऐसे में शिकायतकर्ता और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना, लापता पत्नी का पता लगाना और निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के जरिए सच्चाई सामने लाना प्रशासन और पुलिस के लिए अहम चुनौती है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



