2 हजार रुपए के लेनदेन का विवाद पड़ा महंगा, 15 वर्षीय नाबालिग लड़के की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान मौत, परिवार में पसरा मातम
Dispute over a ₹2,000 transaction proves fatal; 15-year-old boy brutally beaten and dies during treatment; family plunged into mourning.
जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में आपसी लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. विवाद के दौरान 15 साल के नाबालिग लड़के के साथ मारपीट की गई. आरोपियों ने नाबालिग को कई बार उठाकर जमीन पर पटका. जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई. हालत बिगड़ने पर उसे पहले स्थानीय अस्पताल, फिर बिलासपुर और रायपुर रेफर किया गया. इलाज के दौरान नाबालिग की मौत हो गई. मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. वहीं मामले में पामगढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है. वारदात के बाद से आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. जिनकी तलाश पुलिस कर रही है.
आपसी लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के मूताबिक पामगढ़ के वार्ड नम्बर 4 निवासी महेश टंडन बीते दोपहर करीब एक बजे अपने बेटे शिवा टंडन उम्र 15 साल के साथ मौजूद थे. इसी दौरान महेश टंडन ने गांव के ही कुछ युवकों से पुराने दो हजार रुपए वापस मांगे। इसी बात को लेकर युवकों के साथ विवाद शुरू हो गया..देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इसी दौरान 15 साल के नाबालिग के साथ मारपीट की गई. परिजनों के मुताबिक मारपीट के दौरान नाबालिग को आरोपियों ने कई बार उठाकर जमीन पर पटका. इससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी. चोट लगने के बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई.
पामगढ़ CHC से बिलासपुर किया गया रेफर
गंभीर रूप से घायल नाबालिग को इलाज के लिए पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया. बिलासपुर में इलाज के दौरान भी उसकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ. हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मेकाहारा रायपुर रेफर किया.
रायपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
नाबालिग लड़के को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज चल रहा था. सिर में गंभीर चोट की वजह से उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी. इलाज के दौरान नाबालिग लड़के ने दम तोड़ दिया. नाबालिग की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वारदात से गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल है.
सिर में लगी गंभीर चोट बनी मौत की वजह
शुरूआती जानकारी के मुताबिक नाबालिग लड़के के सिर में गंभीर चोट लगी थी. लगातार बिगड़ती हालत की वजह से उसे एक के बाद एक बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया. पामगढ़ से बिलासपुर और फिर रायपुर तक इलाज के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद विवाद और मारपीट की पूरी वजह सामने आने की उम्मीद है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



