सूरजपुर में कांस्टेबल की पत्नी और बेटी की हत्या, सडक किनारे फेंकी लाश, शहरवासियों ने नगर बंद कर गैंगस्टर के घर में लगाई आग, दहशत में लोग

Constable wife and daughter murdered in Surajpur dead body thrown on roadside city residents closed the city and set fire to gangster house people in panic

सूरजपुर में कांस्टेबल की पत्नी और बेटी की हत्या, सडक किनारे फेंकी लाश, शहरवासियों ने नगर बंद कर गैंगस्टर के घर में लगाई आग, दहशत में लोग

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह जिले सूरजपुर जिले की कोतवाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी और बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई. दोनों के शव उनके घर से करीब दो किलोमीटर दूर सड़क के किनारे मिले हैं. पुलिस को शक है कि इस अपराध को कुख्यात बदमाश व कबाड़ी कारोबारी कुलदीप साहू ने अंजाम दिया है. इधर घटना से आक्रोशित शहरवासियों ने नगर बंद कर दिया और गुस्साई भीड़ ने आरोपी बदमाश कुलदीप साहू के घर, गाड़ी और गोदाम को आग हवाले कर दिया,
मिली जानकारी के मुताबिक 13 अक्टूबर 2024 रविवार की शाम प्रधान आरक्षक आरक्षक तालिब शेख और घनश्याम सोनवानी चौपाटी पर खड़े थे. अचानक आदतन मुजरिम कुलदीप साहू ने एक बिरयानी सेंटर से गर्म तेल उठाकर आरक्षक घनश्याम पर फेंक दिया. घनश्याम गंभीर रुप से झुलस गए और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है.
इस हमले के बाद कुलदीप अफरातफरी का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. पुलिस को शक है कि इस हमले के बाद कुलदीप भैयाथान रोड पर स्थित रिंग रोड पर तालिब के घर पहुंचा और वहां से तालिब की पत्नी और बेटी को जबरन उठाकर हत्या कर दी. बाद में उनके शवों को करीब दो किलोमीटर दूर सड़क किनारे फेंक दिया गया
इस जघन्य हत्या की पूरी सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी. फिलहाल बच्ची और महिला के शवों की हालत को देखते हुए प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
सूत्रों के मुताबिक कुलदीप साहू पुलिस की लगातार की जा रही कार्रवाइयों से नाराज था. कुछ समय पहले उसके भाई संदीप ने एक व्यक्ति को छत से धक्का दे दिया था. जिसके बाद पुलिस ने संदीप को गिरफ्तार किया था.
इस गिरफ्तारी के बाद कुलदीप ने काफी विरोध किया था. इसके साथ ही जिला बदर किए गए कुलदीप के चाचा के खिलाफ भी पुलिस ने कार्यवाही की थी. जिससे कुलदीप और भड़क गया. माना जा रहा है कि कुलदीप इसी गुस्से की वजह से इस वारदात को अंजाम देने पर उतारु हुआ.
यह सूरजपुर की पहली वारदात है जिसमें किसी अपराधी ने पुलिसकर्मी के परिवार को निशाना बनाया है. कुलदीप की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. और उसका एक वाहन लटोरी के पास बरामद हुआ है.
जानिए पूरी वारदात की कहानी
सूरजपुर कोतवाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक तालिब शेख नगर के रिंग रोड महगवां स्थित किराए के मकान में प्रथम मंजिल पर पत्नी मेहू फैज 38 साल और 12 साल की बेटी आलिया शेख के साथ रहते हैं. रविवार की रात वे ड्यूटी पर थे. रात को वे जब घर पहुंचे तो पत्नी व बेटी गायब थे. घर में चारों ओर खून के छींटे बिखरे हुए थे.
किसी अनहोनी की आशंका पर फौरन उन्होंने अपने आला अधिकारियों को खबर दी. इसके बाद पत्नी व बेटी की खोजबीन शुरु की गई. इसके लिए पुलिस ने जगह-जगह नाकेबंदी भी कराई. खून लगे एक कार को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और फरार हो गया.
प्रधान आरक्षक की पत्नी व बेटी का रात भर पता नहीं चला. सोमवार की सुबह दोनों का शव सूरजपुर नगर से करीब 4 किमी दूर ग्राम पीढ़ा स्थित खेत के नालीनूमा गड्ढे में पड़ा मिला. पत्नी का शव सडक़ के इस किनारे गड्ढे में जबकि बेटी का शव सड़क के दूसरी तरफ गड्ढे में अद्र्धनग्न हालत में मिला.
कोतवाली में ही पदस्थ प्रधान आरक्षक राधेश्याम सोनवानी की दुर्गा विसर्जन कार्यक्रम में चौपाटी के पास ड्यूटी लगी थी. उससे किसी बात को लेकर चौपाटी के पास कुख्यात बदमाश कुलदीप साहू का विवाद हुआ था. इस दौरान उसने बिरयानी बनाने वाली कड़ाही का खौलता हुआ तेल प्रधान आरक्षक पर उड़ेल दिया था.
इससे वह गंभीर रुप से झुलस गया था. उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. खबर पर आरोपी को पकड़ने पुलिस लगी हुई थी. टीम में प्रधान आरक्षक तालिब शेख भी शामिल था. उसने रात में कुलदीप साहू को पकड़ने की कोशिश की तो उसने उसके ऊपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया था.
बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद ही बदमाश कुलदीप साहू रात में ही प्रधान आरक्षक तालिब शेख के किराए के मकान में ग्राम महगवां पहुंचा और पहली मंजिल पर स्थित घर का दरवाजा तोड़कर घुसा.
यहां उसने चाकू और तलवार ने पत्नी व बेटी की नृशंस हत्या कर दी और दोनों की लाश अपनी चारपहिया गाड़ी में डालकर शव को ग्राम पीढ़ा में फेंक दिया.
नगर बंद, आरोपी के खिलाफ आक्रोश
इस घटना सूरजपुर नगर में आक्रोश फैल गया. नगरवासियों ने नगर बंद कर प्रदर्शन शुरु किया. उनका कहना है कि जब पुलिस का परिवार ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता कैसे सुरक्षित रहेगी?
घटना से आक्रोशित शहरवासियों ने आरोपी कुख्यात बदमाश कुलदीप साहू के घर की घेराबंदी कर घर में आग लगा दी. खबर मिलते ही फायरब्रिगेड की टीम मौके पर आग बुझाने पहुंची, लेकिन भीड़ ने उसे रोक दिया.
डबल मर्डर से आक्रोशित जनता द्वारा आरोपी कुलदीप साहू का घर फूंके जाने की खबर पर सूरजपुर एसडीएम मौके पर पहुंचे. उन्होंने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया और आरोपी के घर में लगी आग बुझाने देने को कहा. इससे गुस्साए लोगों ने एसडीएम पर ही हमला कर दिया. उन्होंने एसडीएम की पिटाई शुरु कर दी. इस दौरान किसी तरह जान बचाकर एसडीएम भागते हुए थाने पहुंचे.

ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb

एसएसपी का ये कहना
इस बारे में एसएसपी एमआर आहिरे का कहना है कि यह पुलिस परिवार पर सीधा हमला है. ऐसी आतंकी गतिविधियां हम बर्दाश्त नहीं करेंगे. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे. उन्होंने कहा कि रात में आरोपी की खोजबीन के दौरान संदिग्ध कार का उन्होंने पीछा किया था. इस दौरान कार के टायर पर पुलिस ने फायर भी किया था. लेकिन वे उसे पकड़ नहीं पाए. पुलिस ने कार को जिले के ही एक स्थान से बरामद किया है. जल्द ही आरोपी गिरफ्तार होगा.

उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने सरकार पर हमला बोला
मामले में पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि सभी छत्तीसगढ़ वासी बहुत ही कष्ट के साथ प्रदेश को एक ‘भयावह अपराध प्रदेश’ में तब्दील होते हुए देख रहे हैं. अपराधी निर्भीक हैं। जैसे उन्हें या तो प्रशासन का डर नहीं, या उसके समर्थन पर पूरा भरोसा है.
उन्होंने कहा कि सूरजपुर में प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की बेरहमी से हत्या ने एक बार फिर सरकार और कानून-व्यवस्था की निष्क्रियता को उजागर किया है. जब एक पुलिसकर्मी के परिवार को इस तरह के खतरे में है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या हाल होगा?
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb