आरंग में 7वीं की छात्रा से बदसलूकी, इधर नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और परेशान करने का आरोप, शिकायत के कुछ घंटों में दोनों आरोपी गिरफ्तार

Misbehavior with a 7th-grade student in Arang; separate allegations of molestation and harassment of a minor girl; both accused arrested within hours of the complaints.

आरंग में 7वीं की छात्रा से बदसलूकी, इधर नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और परेशान करने का आरोप, शिकायत के कुछ घंटों में दोनों आरोपी गिरफ्तार

आरंग में 7वीं की छात्रा से बदसलूकी
रायपुर/आरंग : आरंग थाना क्षेत्र में 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत और परिजनों की तत्परता पर कार्रवाई करते हुए आरंग पुलिस ने त्वरित कदम उठाया और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है,
मिली जानकारी के अनुसार, गिधपुरी (जिला बलौदाबाजार) निवासी आरोपी अर्जुन पाटले उम्र 18 साल पिछले कुछ समय से नाबालिग छात्रा का पीछा कर रहा था. घटना वाले दिन आरोपी ने पीड़िता को जबरन रोका और उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ की. डरी-सहमी पीड़िता ने घर पहुंचकर तुरंत पूरी आपबीती अपने परिजनों को बताई.
भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजन छात्रा को लेकर फौरन आरंग थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने बिना किसी देरी के आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), धारा 296 (अश्लील कृत्य) तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) की धारा 8 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया.
पुलिस ने आरोपी को भेजा न्यायिक हिरासत में
आरंग थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू ने बताया कि मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन पाटले को उसके ठिकाने से धर दबोचा. आरोपी से पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया. जहां से विद्वान न्यायाधीश के आदेशानुसार उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?

नाबालिग लड़की से छेड़छाड़
जांजगीर-चांपा/अकलतरा : जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ और मानसिक रूप से परेशान करने का मामला सामने आया है. शिकायत मिलते ही अकलतरा पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया.
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी प्रकाश खैरवार उम्र 19 साल नाबालिग लड़की को लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहा था. आरोपी कथित तौर पर लड़की पर जबरदस्ती मिलने का दबाव बनाता था और उसके साथ छेड़छाड़ करता था. मामले की शिकायत मिलने के बाद 7 सितंबर 2026 को थाना अकलतरा में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की गई.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन में फौरन पुलिस टीम गठित की गई. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की.
थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के निवास पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से नाबालिग से जुड़े मामले में शिकायत के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी हुई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?