आंखों में स्प्रे छिड़ककर जेवरात से भरा बैग लूटने के प्रयास का खुलासा, आरंग में दुकान बंद कर रहे ज्वेलरी व्यापारी को बनाया निशाना, 4 आरेापी गिरफ्तार
Attempt to rob a bag full of jewelry by spraying a substance into the victim's eyes solved; a jeweler closing his shop in Arang was targeted; four accused arrested.
रायपुर/आरंग : ग्राम भानसोज स्थित गुरुकृपा ज्वेलर्स के संचालक की आंखों में स्प्रे छिड़ककर जेवरात से भरा बैग लूटने का प्रयास करने वाले चार आरोपियों को आरंग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों ने पहले से प्लान बनाकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की. मामले में एक अन्य आरोपी आशुतोष उर्फ आशु मोहंती फिलहाल ओडिशा की जेल में बंद है. गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक 5 जून 2026 की रात करीब 8 बजकर 50 मिनट में ग्राम भानसोज के बाजार चौक में गुरुकृपा ज्वेलर्स के संचालक चंद्रहास देवांगन अपनी दुकान बंद कर रहे थे. इसी दौरान इलाके की बिजली बंद हो गई. बताया जा रहा है कि बिजली जानबूझकर बंद की गई थी. इसी बीच बाइक सवार तीन नकाबपोश युवक वहां पहुंचे. आरोपियों ने व्यापारी की आंखों में स्प्रे छिड़क दिया. जिससे उनकी आंखों में तेज जलन हुई और वह नीचे गिर पड़े. इसके बाद बदमाशों ने उनके पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात से भरे बैग को छीनने का प्रयास किया.
व्यापारी चंद्रहास देवांगन ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे. लोगों को इकठ्ठा होते देख आरोपी बैग लूटे बिना ही बाइक से फरार हो गए. वारदात की शिकायत के बाद आरंग थाने में जुर्म दर्ज कर जांच शुरु की गई.
थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी सबूतों का सहारा लिया गया. साइबर सेल की मदद से टावर डंप और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का भी विश्लेषण किया गया.
इसी दौरान अपराध क्रमांक 559/2026 के एक अन्य मामले में हिरासत में लिए गए कुछ संदेहियों से पूछताछ की गई. पूछताछ में ज्वेलर्स से लूट की कोशिश की पूरी साजिश सामने आई. जांच में पता चला कि ग्राम भानसोज निवासी फिरोज बंजारे ने वारदात के समय दुकान के आसपास की बिजली बंद की थी. दिव्यांश प्रतीक घिदौड़े पर व्यापारी के दुकान बंद करने और उसकी गतिविधियों की जानकारी देने का आरोप है. सलीम कुर्रे, रवि कुमार निषाद और आशुतोष उर्फ आशु मोहंती बाइक से मौके पर पहुंचे थे और जेवरात से भरा बैग लूटने की कोशिश की. आरोपी सलीम कुर्रे पूर्व में महासमुंद जिले में करीब 10 लाख रुपए की लूट के एक मामले में भी जेल जा चुका है.
पुलिस ने मामले में फिरोज बंजारे उम्र 26 साल, दिव्यांश प्रतीक घिदौड़े उम्र 18 साल 2 महिना), सलीम कुर्रे उम्र 23 साल और रवि कुमार निषाद उम्र 25 साल को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक आशुतोष उर्फ आशु मोहंती वर्तमान में ओडिशा की जेल में बंद है. आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल नम्बर CG 06 HC 6815, साइकिल की चेन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया है.
मामले के खुलासे में थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू के साथ एएसआई पुष्पानंद ध्रुव, पीएसआई शिव धुर्वे, आरक्षक सत्यप्रकाश साहू, दीनदयाल सोनवानी और सैनिक दुर्गेश चंद्राकर की अहम भूमिका रही. चारों गिरफ्तार आरोपियों को 30 सितंबर 2026 को अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
गिरफ्तार आरोपी-
सलीम कुर्रे पिता कल्याण कुर्रे उम्र 23 साल निवासी नयापारा अछरीडीह, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद छात्तिस्गढ़
फिरोज बंजारे पिता स्व विवेकानंद बंजारे उम्र 26 साल निवासी भानसोज, थाना आरंग, जिला रायपुर छत्तीसगढ़
दिव्यांश प्रतीक घिदौड़े पिता जितेन्द्र कुमार उम्र 18 साल 2 महिना निवासी भानसोज, थाना आरंग, जिला रायपुर छत्तीसगढ़
रवि कुमार निषाद पिता ढालचंद निषाद उम्र 25 साल निवासी अछरीडीह, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद छत्तीसगढ़
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



