युवक पर अज्ञात लोगों ने किया जानलेवा हमला, मृत समझकर मौके से भागे हमलावर, तालाब किनारे मिला लहूलुहान, इलाज के दौरान हुआ खुलासा, फैली सनसनी

A young man was subjected to a life-threatening attack by unidentified assailants who fled the scene, believing him to be dead; he was found bloodied near a pond, and the incident came to light during his treatment, sparking a sensation.

युवक पर अज्ञात लोगों ने किया जानलेवा हमला, मृत समझकर मौके से भागे हमलावर, तालाब किनारे मिला लहूलुहान, इलाज के दौरान हुआ खुलासा, फैली सनसनी

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : मरवाही थाना क्षेत्र की सिवनी चौकी अंतर्गत ग्राम मड़वाही में एक युवक के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हमले के बाद आरोपी युवक को मृत समझकर मौके से फरार हो गए. देर रात युवक चर्चेड़ी तालाब के पास गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हालत में मिला. उसके सिर से लगातार खून निकल रहा था. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 115(2) के तहत जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक मड़वाही निवासी गेंदलाल मरपच्ची ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि घटना वाले दिन शाम करीब 4:30 बजे उनके बेटे गोविंद सिंह मरपच्ची को मोहल्ले का बीरेन्द्र कुमार बघेल ट्रैक्टर चलाने के नाम पर अपने साथ लेकर गया था. इसके बाद रात करीब 1:30 बजे हेमलाल पोट्टाम ने फोन कर परिजनों को खबर दी कि गोविंद चर्चेड़ी तालाब के पास घायल हालत में पड़ा है और उसके सिर से खून निकल रहा है.
खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गोविंद को इलाज के लिए मरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उसका इलाज जिला अस्पताल और फिर बिलासपुर के प्रभा अस्पताल में कराते रहे.
इलाज के बाद जब गोविंद की हालत में सुधार हुआ और उसे होश आया. तब उसने परिजनों को घटना के बारे में बताया. गोविंद के मुताबिक वह चर्चेड़ी तालाब के पास वाहन खड़ा कर वहां मौजूद था. इसी दौरान बीरेन्द्र कुमार ने उसे पांच मिनट रुकने की बात कही और वहां से चला गया. इसके कुछ देर बाद एक व्यक्ति ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से उसका मुंह दबा दिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. हमलावरों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा. गंभीर चोट लगने के बाद वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा.
मृत समझकर मौके से भागे हमलावर
पीड़ित के बयान के मुताबिक हमलावर उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए. इसके बाद गोविंद काफी देर तक तालाब के पास घायल हालत में पड़ा रहा. देर रात स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी. जिसके बाद परिजनों को इसकी खबर दी गई. मरवाही पुलिस ने परिजनों की शिकायत और पीड़ित के बयान के आधार पर जुर्म दर्ज कर लिया है. पुलिस अब घटनास्थल, संबंधित लोगों और पीड़ित के बयान के आधार पर हमले में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. वारदात के पीछे की वजह क्या थी और हमले में कितने लोग शामिल थे. इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
 इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और अपराध पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. क्योंकि यह किसी भी नागरिक के लिए एक भयावह स्थिति है जब उसे जान से मारने की नीयत से निशाना बनाया जाए और वह मरने से बच जाए.
यह क्रूर हमला मरवाही के ग्रामीण अंचल में हुआ, जहाँ अक्सर ऐसी वारदातें कम ही देखने को मिलती हैं. युवक को इतनी बुरी तरह से पीटा गया था कि उसके शरीर पर गहरे घाव और चोट के निशान थे. जिस तरह से उसे तालाब के किनारे छोड़ा गया. उससे साफ संकेत मिलता है कि हमलावरों का मकसद उसे पूरी तरह से खत्म करना था. ताकि कोई गवाह या जीवित व्यक्ति उनकी पहचान न बता सके.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र पहले इतना असुरक्षित नहीं था. लेकिन हाल के दिनों में छिटपुट आपराधिक गतिविधियाँ बढ़ी हैं. जिसने आम जनमानस में चिंता और डर का माहौल पैदा कर दिया है.
 पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. हालांकि ग्रामीण इलाका होने के कारण यह कार्य चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?