परीक्षा में पास कराने के नाम पर छात्राओं को भेजा अश्लील मैसेज, संबंध बनाने का बनाया दबाव, आरोपी शिक्षक गिरफ्तार, सह-आरोपी की तलाश जारी

Accused teacher arrested for sending obscene messages to female students and pressuring them for sexual relations under the pretext of helping them pass the exam; search for co-accused underway.

परीक्षा में पास कराने के नाम पर छात्राओं को भेजा अश्लील मैसेज, संबंध बनाने का बनाया दबाव, आरोपी शिक्षक गिरफ्तार, सह-आरोपी की तलाश जारी

राजनांदगांव : गैंदाटोला स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्राओं के साथ कथित छेड़खानी और गलत व्यवहार के मामले में पुलिस ने शिक्षक तिलक यदु को गिरफ्तार किया है. छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ POCSO एक्ट और एसटी-एससी एक्ट के तहत जुर्म दर्ज किया. मामले में रमीज कुरैशी को भी सह-आरोपित बनाया गया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है.
चार दिन तक चलता रहा समझौते का प्रयास
मिली जानकारी के मुताबिक एक आदिवासी छात्रा की शिकायत सामने आने के बाद मामले को लेकर करीब चार दिनों तक समझौता कराने और मान-मनौव्वल का प्रयास चलता रहा. आरोप है कि शिक्षक की ओर से माफी मांगकर भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने का भरोसा दिलाया गया. हालांकि, छात्रा कार्रवाई की मांग पर अड़ी रही. इसके बाद शुक्रवार देर रात पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू की.
परीक्षा में पास कराने का झांसा देने का आरोप
दर्ज शिकायत के मुताबिक आरोपित शिक्षक लंबे समय से इसी स्कूल में पदस्थ है और हिंदी तथा सामाजिक विज्ञान पढ़ाता है. छात्रा जब करीब तीन साल पहले कक्षा नौवीं में पढ़ती थी. तब भी उसे परीक्षा में पास कराने के नाम पर संबंध बनाने का संदेश भेजे जाने का आरोप है. इंटरनेट मीडिया के जरिए भी इस तरह के संदेश भेजे जाने की बात शिकायत में सामने आई है. पुलिस अब मामले से जुड़े सबूतों और आरोपों की जांच कर रही है.
छात्राओं के परेशान होने की बात आई सामने
मामले की जानकारी क्षेत्र की महिलाओं तक पहुंचने के बाद उन्होंने छात्राओं के पक्ष में पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया. एक सितंबर को गैंदाटोला थाने में शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दिए जाने की बात सामने आई है. शिकायत के बाद मामले को लेकर पुलिस स्तर पर जांच आगे बढ़ी और शुक्रवार को छात्रा को जिला मुख्यालय लाकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई.
शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप
शिकायत की जानकारी आरोपित शिक्षक तक पहुंचने के बाद छात्रा और उसे थाने लेकर जाने वाली महिलाओं पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है. महिलाओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर एएसपी कीर्तन राठौर को मामले की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मुख्य आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया. मामले में सह-आरोपित की तलाश में पुलिस जुटी हुई है.
शिक्षक गिरफ्तार, दूसरे आरोपी की तलाश
पुलिस ने छात्रा की शिकायत के आधार पर शिक्षक तिलक यदु और उसके सहयोगी के खिलाफ संबंधित धाराओं में जुर्म दर्ज किया है. मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सह-आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?