मामूली विवाद में ट्रैक्टर ड्राइवर पर चाकू से जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत, पुलिस ने आरोपी अरविंद चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे
A tractor driver was fatally stabbed following a minor dispute and died during treatment; the police arrested the accused, Arvind Chaturvedi, and put him behind bars.
दुर्ग/जामुल : दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र के नारधा में एक बार फिर हत्या की वारदात सामने आई है. जिले में लगातार दूसरे दिन चाकूबाजी और हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. मंगलवार सुबह करीब 10 बजे बस्ती के भीतर 36 साल के भीषम गायकवाड पर चाकू से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक पेशे से ट्रैक्टर चालक मृतक भीषम गायकवाड उम्र 36 साल अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं. मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जामुल थाना क्षेत्र के नारधा बस्ती में भीषम गायकवाड का जामुल निवासी अरविंद चतुर्वेदी उर्फ लोमन उम्र 40 साल के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हो गया.
देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने गुस्से में चाकू निकालकर भीषम पर हमला कर दिया. चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा. हमले के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल भीषम को फौरन अपैक्स अस्पताल, कुम्हारी ले जाया गया. डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया. लेकिन गंभीर चोटों की वजह से इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
अस्पताल से खबर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी. पुलिस ने पहले घायल की हालत को देखते हुए आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (हाफ मर्डर) का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. लेकिन इलाज के दौरान भीषम की मौत होने के बाद अब पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं. आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.
भीषम की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. लगातार चाकूबाजी और हत्या की घटना सामने आने से कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



