रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 7 लाख की ठगी, पुलिस ने आरोपी पायल पांडे और सिद्धुमन को गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे
7 lakh rupees were defrauded by the promise of a railway job. Police arrested the accused Payal Pandey and Siddhuman and sent them behind bars.
दुर्ग : दुर्ग जिले की छावनी थाना पुलिस ने रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 7 लाख रुपए ठगने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के रीवा में छिपे हुए थे. पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उन्हें पकड़ा और उन्हें भिलाई लाया. पूछताछ में दोनों ने ठगी की बात कबूल कर लिया.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रगति नगर कैंप-1 भिलाई निवासी सरोज पटेल उम्र 43 साल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पायल पांडे और सिद्धुमन उर्फ लाल पांडे ने उनके बेटे पीयूष को रेलवे में पक्की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था. आरोपियों ने दावा किया था कि उनके रेलवे विभाग में अच्छे संपर्क हैं और वे पक्की नौकरी लगवा देंगे. पीड़ित परिवार ने भरोसा कर अलग-अलग समय पर कुल 7 लाख रुपए आरोपियों को दे दिए. काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो परिवार को शक हुआ. पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे और बाद में संपर्क भी बंद कर दिया. इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की. शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी रीवा में मौजूद हैं.
खबर मिलते ही पुलिस टीम रीवा पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया. तलाशी में नगद, लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पहले भी नौकरी के नाम पर ठगी कर चुके हैं या नहीं।अगर अन्य पीड़ित सामने आते हैं तो नई धाराएं जोड़ी जा सकती हैं. फिलहाल, पुलिस मामले में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी नौकरी या पद दिलाने के नाम पर धनराशि की मांग किए जाने पर सतर्क रहें. ऐसे मामलों की जानकारी फौरन पुलिस को दें. धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



