2.5 एकड़ सरकारी जमीन कब्जामुक्त, अवैध रेत मार्ग ध्वस्त, राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई, नवापारा में रेत हाइवा पर रोक!, नगर पालिका लगाएगी बैरियर

2.5 acres of government land freed from encroachment, illegal sand route demolished, joint action by revenue and police departments, ban on sand hiva in Navapara! Municipality to install barriers

2.5 एकड़ सरकारी जमीन कब्जामुक्त, अवैध रेत मार्ग ध्वस्त, राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई, नवापारा में रेत हाइवा पर रोक!, नगर पालिका लगाएगी बैरियर

नवापारा में रेत हाइवा वाहनों पर लगेगी रोक, नगर पालिका लगाएगी बैरियर
 रायपुर/नवापारा राजिम : नगर के मुख्य मार्गों पर रेत परिवहन करने वाले भारी वाहनों के कारण बढ़ती दुर्घटनाओं और नागरिकों की लगातार मांग को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने बड़ा फैसला लिया है. गोबरा-नवापारा नगर पालिका की सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष ओम कुमारी संजय साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी और पक्ष-विपक्ष के सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से प्रतिबंधित समय में नगर से गुजरने वाली रेत हाइवा वाहनों को रोकने के लिए सोमवारी बाजार के पास बैरियर लगाने का फैसला लिया.
नगर पालिका परिषद ने बताया कि धमतरी जिले की विभिन्न रेत खदानों से रोजाना सैकड़ों हाइवा वाहन नगर के मुख्य मार्ग से होकर गुजरते हैं. भारी वाहनों की आवाजाही की वजह से यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ पूर्व में कई सड़क हादसे भी हो चुके हैं. नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा लंबे समय से दिन के समय रेत हाइवा के आवागमन पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की जा रही थी.
उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी नगरवासियों की मांग पर नगर के मुख्य मार्गों पर सूचना बोर्ड लगाकर प्रतिबंधित समय में रेत हाइवा के प्रवेश पर रोक लगाने का प्रयास किया गया था. लेकिन इसका अपेक्षित प्रभाव नहीं पड़ सका और भारी वाहन लगातार नगर से गुजरते रहे.
इसी हालात को देखते हुए परिषद ने इस बार बैरियर लगाकर प्रभावी निगरानी करने का फैसला लिया है. ताकि प्रतिबंधित समय में रेत परिवहन करने वाले वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोका जा सके. परिषद ने साफ किया कि यह प्रतिबंध सिर्फ रेत हाइवा वाहनों पर लागू होगा. अन्य व्यवसायिक, मालवाहक एवं आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के आवागमन पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं रहेगा.
नगर पालिका के इस निर्णय का नगरवासियों ने स्वागत करते हुए इसे सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा के लिए बड़ा कदम बताया है. परिषद को उम्मीद है कि इस व्यवस्था से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और नगर के मुख्य मार्गों पर यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

2.5 एकड़ शासकीय भूमि कब्जामुक्त, अवैध रेत मार्ग ध्वस्त
रायपुर/नवापारा राजिम : राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को अवैध कब्जों और रेत के अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बड़े मामलों में सख्त कदम उठाए. नवापारा तहसीलदार विक्रांत सिंह राठौर एवं रायपुर सीएसपी तुलसी लेकाम के नेतृत्व में की गई कार्रवाई से अवैध कब्जाधारकों और रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया.
सेमरा में 2.5 एकड़ शासकीय भूमि को कराया कब्ज़ामुक्त
पहली कार्रवाई ग्राम सेमरा में की गई. जहां करीब 2.5 एकड़ शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया. जानकारी के मुताबिक नीलम अग्रवाल द्वारा उक्त सरकारी भूमि को अपने निजी खेत में शामिल कर लिया गया था और चारों तरफ बाउंड्रीवाल बनाकर उसे बेचने की तैयारी की जा रही थी. राजस्व विभाग द्वारा जांच के बाद मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई और भूमि को कब्जामुक्त कराया गया. साथ ही संबंधित व्यक्ति पर 5 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया.
दुलना में रेत परिवहन के लिए बने रपटा को तोड़ा
वहीं दूसरी संयुक्त कार्रवाई ग्राम दुलना में की गई. जहां रेत के अवैध परिवहन के लिए नदी मार्ग पर बनाए गए अस्थायी रपटा (मार्ग) को जेसीबी की मदद से तीन स्थानों पर तोड़ दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि इस मार्ग का उपयोग लंबे समय से अवैध रेत परिवहन के लिए किया जा रहा था. उल्लेखनीय है कि दुलना में बने इस अवैध मार्ग के खिलाफ राजस्व विभाग की यह तीसरी कार्रवाई है. पूर्व में भी विभाग द्वारा रेत के अवैध कारोबार को रोकने के मकसद से मार्ग को ध्वस्त किया गया था. लेकिन रेत माफिया कुछ समय बाद फिर इसे तैयार कर लेते थे.
दोबारा रपटा बनाकर अवैध रेत परिवहन करने का प्रयास किया तो दर्ज होंगी एफआईआर…. तहसीलदार विक्रांत सिंह राठौर
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार विक्रांत सिंह राठौर ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भविष्य में दोबारा रपटा बनाकर अवैध रेत परिवहन करने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि शासन की भूमि और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
इस संयुक्त कार्रवाई में राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन तथा स्थानीय अमले के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध कब्जों एवं रेत के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t