दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, ड्यूटी से लौट रहे ग्रामीण चिकित्सा अधिकारी की मौत, इधर एंबुलेंस वैन और बाइक में टक्कर, 25 वर्षीय छात्र की गई जान
Two bikes collided head-on, resulting in the death of a rural medical officer who was returning from duty; meanwhile, in a separate incident, an ambulance van collided with a bike, claiming the life of a 25-year-old student.
दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, ड्यूटी से लौट रहे ग्रामीण चिकित्सा अधिकारी की मौत
बलौदाबाजार : बलौदाबाजार जिले में पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में ग्रामीण चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी चंद्र किरण चंद्राकर उम्र 44 साल गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक चंद्र किरण चंद्राकर पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मणपुर में ग्रामीण चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर पदस्थ थे. बुधवार शाम करीब 4 बजे ड्यूटी पूरी करने के बाद वे बाइक से अपने घर पलारी लौट रहे थे.
कोसमंदा के पास हुआ हादसा
घर लौटते समय ग्राम कोसमंदा स्थित मुर्गी फार्म के पास सामने से आ रही बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि चंद्राकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डायल-112 को खबर दी. घायल चिकित्सा अधिकारी को पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
दूसरा बाइक सवार भी घायल
हादसे में दूसरी मोटरसाइकिल का चालक भी घायल हुआ है. उसे बेहतर इलाज के लिए बलौदाबाजार अस्पताल भेजा गया है. फिलहाल उसकी स्थिति को लेकर डिटेल जानकारी सामने नहीं आई है.
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
हादसे की खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी है. दोनों बाइक की टक्कर किन हालात में हुआ और हादसे के पीछे तेज रफ्तार समेत अन्य कौन से कारण जिम्मेदार थे. पुलिस इसकी जांच कर रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb
एंबुलेंस वैन और बाइक में टक्कर, छात्र की गई जान
महासमुंद/खल्लारी : महासमुंद-बागबाहरा नेशनल हाईवे-353 पर ग्राम मामाभांचा के पास हाड़बांध ओवरब्रिज के नीचे भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 25 साल के युवक की मौके पर ही मौत हो गई. युवक महासमुंद के वल्लभाचार्य महाविद्यालय में पीजीडीसीए का छात्र था. वह कॉलेज से अपने गांव लौट रहा था. तभी उसकी बाइक एंबुलेंस वैन से टकरा गई.
मिली जानकारी के मुताबिक बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम बोहारडीह निवासी हुमेश मन्नाडे पिता सोमनलाल बाइक से महासमुंद की तरफ से अपने गांव जा रहा था. इसी दौरान हाड़बांध ओवरब्रिज के नीचे उसकी बाइक एंबुलेंस वैन से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
तेज रफ्तार और ओवरटेक की आशंका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान संतुलन बिगड़ना हादसे की संभावित वजह बताई जा रही है. हालांकि हादसा किन हालात में हुआ. इसकी असल वजह पुलिस जांच के बाद ही साफ होगी.
हादसे की खबर मिलने पर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद युवक की असमय मौत से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है. कॉलेज से घर लौट रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने के खतरों को सामने ला दिया है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



