इंदिरा मार्केट दुर्ग में Titan-Fastrack की नकली घड़ियों का कारोबार बेनकाब, दुकान से 275 नकली टैग, 280 घड़ियां बरामद, दुकानदार कमलेश गिरफ्तार
Trade in counterfeit Titan-Fastrack watches exposed at Indira Market, Durg; 275 counterfeit tags and 280 watches seized from the shop, and shopkeeper Kamlesh arrested.
दुर्ग/ भिलाई : छत्तीसगढ़ के भिलाई में पुलिस ने ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर चल रहे बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है. दुर्ग पुलिस ने इंदिरा मार्केट स्थित एक दुकान में दबिश देकर टाइटन और फास्ट्रैक जैसी कंपनियों के नाम पर नकली घड़ियां बेचने वाले दुकानदार को रंगे हाथों धर दबोचा. पुलिस की इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया है.
मिली जानकारी के मुताबिया टाइटन और फास्ट्रैक कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि गौरव तिवारी ने दुर्ग पुलिस से शिकायत की थी कि इंदिरा मार्केट स्थित संत कबीर वाच सेंटर में उनकी कंपनियों के ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर नकली सामान बेचा जा रहा है. इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और शाम करीब 6 बजे दुकान पर औचक छापा मारा. जांच के दौरान दुकान के भीतर से बड़ी तादाद में फर्जी उत्पाद बरामद किए गए.
दुकान से भारी तादाद में नकली घड़ियां और टैग जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दुकान की तलाशी ली तो वहां से टाइटन और फास्ट्रैक ब्रांड की कुल 280 नकली घड़ियां बरामद हुईं. इसके अलावा घड़ियों पर लगाने वाले 275 नकली टैग भी पुलिस के हाथ लगे. पुलिस ने मौके से दुकान के संचालक कमलेश निर्मलकर उम्र 41 साल निवासी पंचशील नगर दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपित का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है. जिससे यह पता लगाया जा रहा है कि वह यह नकली माल कहां से मंगवाता था और इसके तार कहां-कहां जुड़े हैं.
कॉपीराइट अधिनियम के तहत मामला दर्ज
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी कमलेश निर्मलकर ग्राहकों को असली ब्रांड का झांसा देकर कम कीमत पर नकली घड़ियां बेच रहा था. इससे न सिर्फ कंपनियों को आर्थिक नुकसान हो रहा था. बल्कि ग्राहकों के साथ भी धोखा किया जा रहा था. इस मामले में दुर्ग कोतवाली थाने में कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 तथा बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. यह कार्रवाई दुर्ग कोतवाली के उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक मोहन साहू एवं पुलिस टीम द्वारा की गई.
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील किया कि नामी कंपनियों के नकली अथवा पायरेटेड सामान की खरीद-बिक्री न करें. पुलिस ने कहा कि ब्रांडेड उत्पादों के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी और कॉपीराइट उल्लंघन की जानकारी मिलने पर फौरन पुलिस को खबर किया जाए.
आरोपी
कमलेश निर्मलकर उम्र 41 साल निवासी पंचशील नगर दुर्ग
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



