रायपुर से नागपुर तक विशेष अभियान : हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में RPF और DRI की बड़ी कार्रवाई, 2 करोड़ के विदेशी सोने के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, जांच जारी
Special operation from Raipur to Nagpur: Major action by RPF and DRI on the Howrah-Mumbai Duronto Express; two smugglers arrested with foreign gold worth ₹2 crore; investigation underway.
बिलासपुर/रायपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल की क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम ने राजस्व आसूचना निदेशालय, नागपुर की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोने की तस्करी का पर्दाफाश किया है. संयुक्त टीम ने ट्रेन नंबर 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ है. जिसमें 7 सोने के बिस्किट और 1 सोने की छड़ शामिल है. बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये है.
डीआरआई नागपुर की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई
रेलवे सुरक्षा बल क्राइम ब्रांच, नागपुर के निरीक्षक को विश्वसनीय सूत्रों से खबर मिली कि उक्त ट्रेन में दो व्यक्ति अवैध विदेशी सोना लेकर यात्रा कर रहे हैं. खबर पर आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर ने आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर को खबर किया और डीआरआई नागपुर की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की प्लान बनाई.
भंडारा-नागपुर के मध्य कोच में दो संदिग्ध लोगों की तलाशी
मिली खबर के आधार पर संयुक्त टीम द्वारा रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में सघन जांच और निगरानी अभियान चलाया गया. जांच के दौरान भंडारा और नागपुर के मध्य कोच नंबर संख्या B-12 में दो संदिग्ध लोगों को निशानदेही कर उनकी तलाशी ली गई. तलाशी में उनके पास से 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ. जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये आंकी गई है.
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों को बरामद सोने के साथ डीआरआई नागपुर के सुपुर्द कर दिया गया. दोनों आरोपियों के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले की डिटेल जांच डीआरआई नागपुर द्वारा की जा रही है.
इस कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल क्राइम ब्रांच नागपुर और रायपुर की टीम की सतर्कता, त्वरित सूचना-साझाकरण और प्रभावी समन्वय की अहम भूमिका रही. रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेल परिसरों और ट्रेनों के जरिए अवैध और प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार सतर्कता और जांच अभियान चलाए जा रहे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



