बेटे ने पिता पर किया जानलेवा हमला, ग्रामीणों ने बचाई जान, गांवों में भय और आक्रोश का माहौल, आरोपी संतुराम गिरफ्तार

Son fatally attacks father, villagers save his life, fear and anger grip village, accused Santram arrested

बेटे ने पिता पर किया जानलेवा हमला, ग्रामीणों ने बचाई जान, गांवों में भय और आक्रोश का माहौल, आरोपी संतुराम गिरफ्तार

कोण्डागांव : कोण्डागांव जिले के माकड़ी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है. जिसमें एक बेटे ने अपने ही पिता पर लकड़ी के चौखट से जानलेवा हमला कर दिया. इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया. पुलिस ने आरोपी बेटे को फौरन हिरासत में लेकर पूछताछ की और जुर्म कबूल करने पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. यह दर्दनाक व्र्दत 4 नवंबर 2025 की शाम को माकड़ी क्षेत्र के ग्राम ओटेण्डा प्लाटपारा में घटी. परिवारिक विवाद और नशे की लत ने एक बेटे को अपने पिता का दुश्मन बना दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी संतुराम नेताम (निवासी ओटेण्डा प्लाटपारा) अक्सर शराब के नशे में अपने परिवार के सदस्यों को गाली-गलौज और धमकी देता था. परिवार में पहले से विवाद चल रहा था. घटना वाले दिन शाम को पिता काशीराम नेताम बैल चराकर घर लौटे थे. उन्होंने घर पर चाय पी और अपने रिश्तेदार गुड्डू मरकाम के घर जाने निकले.
रास्ते में अचानक संतुराम नेताम ने उन्हें रोक लिया और कहासुनी के बाद लकड़ी के चौखट के टुकड़े (चौखटनुमा लकड़ी) से उन पर हमला कर दिया. उसने सिर, पैर और हाथ पर कई वार किया. जिससे काशीराम नेताम गंभीर रुप से घायल हो गए और उनके सिर से काफी खून बहने लगा.
हमले की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने घायल काशीराम नेताम को किसी तरह हमलावर से छुड़ाया. जिसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माकड़ी (CHC माकड़ी) पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल कोंडागांव रेफर कर दिया.
डॉक्टरों के मुताबिक काशीराम नेताम के सिर में गहरी चोट आई थी और शरीर के कई हिस्सों में सूजन और फ्रैक्चर जैसी हालत पाई गई. समय पर ग्रामीणों की मदद से उनकी जान बच सकी.
वारदात की खबर मिलते ही थाना माकड़ी पुलिस मौके पर पहुंची. घायल के रिश्तेदार बैजनाथ नेताम की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 43/2025, धारा 109, 127(1) भारतीय दंड संहिता (भा.दं.सं.) के तहत मामला दर्ज किया. थाना प्रभारी माकड़ी ने बताया कि आरोपी को रात भर सर्च ऑपरेशन चलाकर गांव से ही गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में संतुराम नेताम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि पिता के साथ पारिवारिक विवाद और गुस्से में उसने हमला किया था.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद मेडिकल परीक्षण करवाया और 5 नवंबर 2025 को कोर्ट में पेश किया. अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संतुराम नेताम को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया.
थाना प्रभारी ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल हमले का हथियार (लकड़ी का चौखट) बरामद कर लिया गया है. साथ ही, अपराध के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है. पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि घटना के समय आरोपी नशे में था या नहीं.
घटना पर कोण्डागांव एसपी ने कहा “यह मामला घरेलू हिंसा और नशे की समस्या से जुड़ा हुआ है. परिवारों में ऐसे विवादों को रोकने के लिए समाज में जागरुकता की जरुरत है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे भी ऐसे मामलों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी.” पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने आसपास नशे और घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों की खबर फौरन दें. ताकि समय रहते ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
इस घटना के बाद ओटेण्डा और आसपास के गांवों में भय और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि संतुराम नेताम शराब के नशे में अक्सर परिवार को परेशान करता था और कई बार झगड़ा भी कर चुका था. परिवार के लोगों ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की. लेकिन उसने बात नहीं मानी. ग्रामीणों ने कहा कि अगर पुलिस या पंचायत पहले ही हस्तक्षेप करती तो शायद यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t