राजस्व कार्यो में लापरवाही का आरोप, कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन की कार्यवाही, पटवारियों की हड़ताल के 21 दिन बाद पांच पटवारी सस्पेंड
Allegations of negligence in revenue-related duties; administration takes action following Collector's directives—five *patwaris* suspended 21 days into their strike.
महासमुंद : महासमुंद जिले में पटवारियों की हड़ताल के 21 दिन बाद आखिरकार प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. किसानों के राजस्व संबंधी कार्यों में लापरवाही, धान पंजीयन, पीवी सत्यापन और डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) में संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर हड़ताल में शामिल पांच पटवारियों को सस्पेंड कर दिया गया है. कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों ने यह कार्रवाई की है. 13 अक्टूबर से जारी हड़ताल के बीच प्रशासन की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हलचल मच गई है.
जारी आदेश के मुताबिक बागबाहरा अनुविभाग के तीन पटवारी भंगी राम ध्रुव, कमलेश डहरे, नीरज कुमार वर्मा और बसना अनुविभाग के तिलक राम चौधरी और सरायपाली अनुविभाग की दमयंती नायक को सस्पेंड किया गया है. सभी के निलंबन आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं. निलंबन अवधि में संबंधित पटवारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा.
नामांतरण, सीमांकन और फसल गिरदावरी के काम प्रभावित
गौरतलब है कि जिले के पटवारी 13 अक्टूबर से विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं. इसके चलते राजस्व विभाग के कई अहम काम प्रभावित हो रहे हैं. किसानों के धान पंजीयन, फसल का भौतिक सत्यापन (पीवी), डिजिटल क्रॉप सर्वे और डीसीएस ऑनलाइन फसल एंट्री की प्रगति भी प्रभावित हुई है. इसके अलावा नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसे कामों के लिए भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है.
कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
प्रशासन ने साफ किया है कि किसानों से जुड़े अहम राजस्व कार्यों में लापरवाही और निर्धारित कार्यों में संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने की वजह से यह कदम उठाया गया है. बागबाहरा एसडीएम कार्यालय से जारी आदेश में शासकीय दायित्वों का निर्वहन नहीं करने और राजस्व कार्य लंबित रहने का उल्लेख किया गया है.
हड़ताल के 21 दिन बाद पांच पटवारियों पर हुई इस कार्रवाई को प्रशासन की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है. अब इस कार्रवाई के बाद पटवारी संघ का अगला रुख क्या होगा. इस पर सभी की नजरें रहेंगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



