लक्ष्मी मेडिकल ने नवजात को दिया एक्सपायरी मिल्क पाउडर!, सेवन के बाद गई जान, मासूम बच्ची की मौत के बाद मचा हड़कंप, जांच की मांग
Lakshmi Medical supplied expired milk powder for a newborn; the infant died after consuming it. The death of the innocent baby sparked an outcry, and demands for an investigation have been raised.
रायपुर : राजधानी रायपुर में एक नवजात बच्ची की मौत के बाद मेडिकल स्टोर की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि लक्ष्मी मेडिकल स्टोर से खरीदे गए मिल्क पाउडर को नवजात को पिलाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई. मामला अब पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच के दायरे में है.
दलदल सिवनी निवासी चंद्रशेखर कन्नोजे ने बताया कि उनकी पत्नी ने 29 जून को जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था. डॉक्टरों ने मां के दूध की कमी के चलते मिल्क पाउडर देने की सलाह दी थी. इसके बाद 30 जून को वे मेकाहारा गेट के पास स्थित लक्ष्मी मेडिकल स्टोर से एक मिल्क पाउडर का डिब्बा लेकर आए.
परिजनों के मुताबिक पाउडर से दूध बनाकर एक नवजात को दिया गया. लेकिन कुछ दिनों बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी. 4 जुलाई को हालत नाजुक होने पर उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया. परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर की एक्सपायरी डेट देखने के बाद इसे खराब उत्पाद बताया. जिससे बच्चे की हालत बिगड़ने की आशंका जताई गई.
परिवार का यह भी आरोप है कि 2 जुलाई को जब वे मेडिकल स्टोर पहुंचे और एक्सपायरी उत्पाद देने की शिकायत की. तो स्टोर से वही डिब्बा छीनकर दूसरा डिब्बा देने की बात कही गई.
इलाज के दौरान 5 जुलाई को नवजात बच्ची की मौत हो गई. जिसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने मौदहापारा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल स्टोर को सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का नोटिस जारी किया है. स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है. सीएमएचओ ने परिजनों को सोमवार को कार्यालय बुलाया है और ड्रग इंस्पेक्टर से विस्तृत जांच कराने की बात कही है. फिलहाल मेडिकल स्टोर संचालक की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पूरे मामले ने शहर में स्वास्थ्य सेवाओं और दवा बिक्री व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजन इंसाफ की मांग कर रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की अपील कर रहे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



