पुलिस हिरासत में बिगड़ी तबीयत और फिर 25 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने लगाए मारपीट के गंभीर आरोप, जनता में आक्रोश, एक आरक्षक सस्पेंड

25-year-old man dies after health deteriorates in police custody; family alleges severe assault; public outrage ensues; one constable suspended.

पुलिस हिरासत में बिगड़ी तबीयत और फिर 25 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने लगाए मारपीट के गंभीर आरोप, जनता में आक्रोश, एक आरक्षक सस्पेंड

जांजगीर-चांपा : चांपा थाने की चारदीवारी के भीतर 25 सा के युवक की संदिग्ध मौत ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. शराब के एक मामले में देर रात पकड़े गए मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस की तड़के थाने में अचानक तबीयत बिगड़ गई. पुलिस उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंची. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. मृतक की पहचान शिव सहिस पिता मनीराम निवासी मेहंदीपारा चांपा के रूप में हुई है. इस मामले में थाना चांपा के आरक्षक क्रमांक 836, ईश्वरी राठौर को सस्पेंड कर रक्षित केंद्र जांजगीर से संबद्ध कर दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक शिव को देर रात शराब संबंधी मामले में पुलिस थाने लेकर आई थी. इसके कुछ ही घंटों बाद सुबह करीब 7 बजे उसकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई. उसे जिला अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन और बड़ी तादाद में स्थानीय लोग जिला अस्पताल पहुंच गए. इसके बाद लोगों की भीड़ चांपा थाने के बाहर भी जमा होने लगी. परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर शिव के साथ मारपीट और बेरहमी का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग शुरू कर दी.
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर शिव को स्वस्थ हालत में पुलिस थाने लेकर आई थी. तो कुछ ही घंटों के भीतर ऐसा क्या हुआ कि उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई? इसी सवाल का जवाब अब पुलिस और प्रशासन से मांगा जा रहा है.
परिजनों का आरोप है कि शिव के साथ थाने में मारपीट की गई थी. हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस प्रशासन की तरफ़ से भी फिलहाल युवक की मौत की असल वजह को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. यही वजह है कि मामले को लेकर शक और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं.
चांपा थाने के बाहर बढ़ती भीड़ और लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और अगर किसी पुलिसकर्मी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
हिरासत में हुई मौत का मामला होने के कारण यह घटना बेहद संवेदनशील हो गई है. गिरफ्तारी के समय शिव की हालत क्या थी, थाने में उसके साथ क्या हुआ, उसकी तबीयत कब और किन हालात में बिगड़ी, उसे अस्पताल पहुंचाने में कितना समय लगा और अस्पताल पहुंचने तक उसकी मेडिकल स्थिति कैसी थी. इन तमाम बिंदुओं की जांच अब बेहद अहम मानी जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस मामले में सबसे अहम कड़ी साबित हो सकती है. युवक के शरीर पर चोट के कोई निशान थे या नहीं, मौत का चिकित्सकीय कारण क्या रहा और हिरासत के दौरान किसी तरह की चोट या अन्य घटना हुई थी या नहीं, इसका स्पष्ट जवाब जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही सामने आ सकेगा.
हालांकि पुलिस पर लगाए गए मारपीट के आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है और मौत की असल वजह भी आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं किया गया है. ऐसे में जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा. लेकिन पुलिस की निगरानी में थाने लाए गए एक 25 साल के युवक की कुछ घंटों बाद मौत होना अपने आप में गंभीर सवाल जरूर खड़े करता है.
अब पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन के आधिकारिक बयान का इंतजार है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनाक्रम की जांच और अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि शिव सहिस की मौत किन हालात में हुई. फिलहाल एक परिवार अपने बेटे की मौत का जवाब मांग रहा है और चांपा में लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है.
पुलिस ने की कार्रवाई: आरक्षक सस्पेंड
इस मामले में थाना चांपा के आरक्षक क्रमांक 836, ईश्वरी राठौर को सस्पेंड कर रक्षित केंद्र जांजगीर से संबद्ध कर दिया गया है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में बताया गया है कि आरक्षक राठौर ने अपराध क्रमांक 478/26, धारा 34 (2) आबकारी एक्ट के मामले में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता बरती है. जिसके फलस्वरूप यह कार्रवाई की गई है. इस निलंबन को पुलिस महकमे पर बढ़ते दबाव और आरोपों के बीच ‘डैमेज कंट्रोल’ की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?