फेसबुक पर मिला जॉब का विज्ञापन, बैंकॉक में नौकरी का झांसा देकर म्यांमार में युवती को बनाया बंधक, ठगी कराने वाली आरोपी महिला स्नेहा गिरफ्तार

Accused arrested with heroin and an illegal pistol; public trust in the police grows as Balod police crack down on drug peddlers.

फेसबुक पर मिला जॉब का विज्ञापन, बैंकॉक में नौकरी का झांसा देकर म्यांमार में युवती को बनाया बंधक, ठगी कराने वाली आरोपी महिला स्नेहा गिरफ्तार

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती को म्यांमार ले जाने और वहां बंधक बनाकर साइबर ठगी कराने के मामले में दर्री पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है. पीड़िता को बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी दिलाने का लालच दिया गया. इसके बाद उसे थाईलैंड के रास्ते म्यांमार के कुख्यात ‘KK Park’ पहुंचाया गया. जहां उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने के लिए मजबूर किया गया.
पुलिस ने आरोपी स्नेहा भथलाल बडोले उम्र 35 साल निवासी गोंदिया, महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है. मामले में अन्य आरोपियों और गिरोह के डिजिटल और वित्तीय नेटवर्क की जांच जारी है.
फेसबुक पर मिला था बैंकॉक में नौकरी का विज्ञापन
मिली जानकारी के मुताबिक दर्री निवासी पीड़िता ने फेसबुक पर बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी का विज्ञापन देखा था. इसमें करीब 30 हजार थाई भाट हर महिना वेतन देने की बात कही गई थी. नौकरी पाने की उम्मीद में उसने विज्ञापन से जुड़े लोगों से संपर्क किया.
आरोप है कि महिला लीजा और उसके साथियों ने पीड़िता को पहले बेंगलुरु बुलाया. वहां से उसे विमान के जरिए थाईलैंड ले जाया गया. इसके बाद सीमा पार कराकर म्यांमार के KK Park पहुंचा दिया गया.
पासपोर्ट जब्त कर बंधक बनाने का आरोप
म्यांमार पहुंचने के बाद पीड़िता का पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया. आरोप है कि गिरोह के सदस्य उसे फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने के लिए मजबूर करते थे. इस तरह नौकरी के नाम पर शुरू हुआ मामला कथित तौर पर साइबर अपराध के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ा निकला.
भारतीय दूतावास की मदद से भारत लौटी पीड़िता
भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की मदद से पीड़िता को सुरक्षित भारत वापस लाया गया. इसके बाद उसने दर्री थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर थाना दर्री में अपराध क्रमांक 331/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(2) और 146 में मामला दर्ज किया गया.
महाराष्ट्र की महिला गिरफ्तार, गिरोह की जांच जारी
पुलिस ने कांच के दौरान कथित संलिप्तता सामने आने पर स्नेहा भथलाल बडोले को गिरफ्तार किया. उसे अदालत में पेश करने के बाद रिमांड प्राप्त की गई है. पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और गिरोह के डिजिटल और वित्तीय नेटवर्क की जांच कर रही है.
कोरबा पुलिस ने साइबर जागरुकता अभियान के तहत लोगों से अपील किया कि वे विदेश में नौकरी के आकर्षक प्रस्तावों की जांच किए बिना उन पर भरोसा न करें. सोशल मीडिया पर मिले नौकरी के विज्ञापनों की सत्यता जांचना और पासपोर्ट या अन्य दस्तावेज अनजान लोगों को नहीं सौंपना जरूरी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb