बिटकॉइन निवेश के नाम पर 7.50 लाख की महिला से ठगी, पुलिस ने रायपुर से आरोपी पीलादास मानिकपुरी को गिरफ्तार कर भेजा जेल, मोबाइल फोन जब्त

A woman was duped of ₹7.50 lakh in the name of Bitcoin investment. Police arrested the accused, Piladas Manikpuri, from Raipur and sent him to jail, and seized his mobile phone.

बिटकॉइन निवेश के नाम पर 7.50 लाख की महिला से ठगी, पुलिस ने रायपुर से आरोपी पीलादास मानिकपुरी को गिरफ्तार कर भेजा जेल, मोबाइल फोन जब्त

दुर्ग : दुर्ग जिले के शिक्षक नगर क्षेत्र में बिटकॉइन में निवेश के नाम पर एक महिला से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से जुर्म में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने और कितने लोगों को इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है.
मिली जानकारी के मुताबिक दुर्ग के शिक्षक नगर निवासी देवकी सोनकर ने 9 अप्रैल 2024 को सिटी कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी पीलादास मानिकपुरी, निवासी चंगोराभाठा रायपुर ने उन्हें बिटकॉइन में निवेश करने पर हर महीने 12 से 13% तक ज्यादा कमाई देने का झांसा दिया था. आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए पीड़िता को शुरु में कुछ रिटर्न भी दिया. जिससे यकीन बढ़ गया. इसके बाद उसने अलग-अलग समय पर कुल 7 लाख 50 हजार रुपये नगद और यूपीआई के जरिए निवेश के नाम पर लिए. लेकिन बाद में आरोपी ने न तो मूल राशि लौटाई और न ही किसी तरह का फायदा दिया और संपर्क भी बंद कर दिया.
पीड़िता की शिकायत दर्ज कराने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जुर्म दर्ज किया और जांच शुरू की. तकनीकी सबूतों और पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसकी लोकेशन रायपुर में ट्रेस की गई. पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी पीलादास मानिकपुरी को रायपुर से गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से जुर्म में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन बरामद किया. जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है।
शुरुआती जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने अन्य लोगों को भी बिटकॉइन और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर झांसा देकर ठगी की हो सकती है. इस दिशा में विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपी के बैंक लेन-देन और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं. पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस ठगी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है या आरोपी अकेले ही इस तरह की धोखाधड़ी कर रहा था.
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के ऑनलाइन निवेश, विशेषकर क्रिप्टोकरेंसी और बिटकॉइन जैसे क्षेत्रों में, बिना पूरी जांच-पड़ताल के निवेश न करें. अक्सर ऐसे मामलों में ज्यादा कमाई की लालच देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता है. यह मामला एक बार फिर डिजिटल ठगी और निवेश के नाम पर होने वाले साइबर अपराधों की गंभीरता को उजागर करता है. पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है और किसी भी संदिग्ध ऑफर की फौरन खबर पुलिस को देनी चाहिए.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t