200 रुपये रिश्वत लेते कैमरे में कैद हुआ ट्रैफिक SI, 2 वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने के बाद एसपी ने ट्रैफिक एसआई को किया लाइन अटैच

A traffic SI was caught on camera accepting a bribe of Rs 200. After two videos went viral on social media, the Superintendent of Police (SP) placed him under suspension.

200 रुपये रिश्वत लेते कैमरे में कैद हुआ ट्रैफिक SI, 2 वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने के बाद एसपी ने ट्रैफिक एसआई को किया लाइन अटैच

दुर्ग : दुर्ग जिले से 2 वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में ट्रैफिक एसआई (सब इंस्पेक्टर) महेश्वर देवांगन चालान के बदले युवक से 200 रुपए की रिश्वत लेते नजर रहा है. वहीं दूसरे वीडियो में एक कॉन्स्टेबल वर्दी में एक युवक से हाथ मिलाते और गले मिलते दिखाई दे रहा है. बताया जा रहा है कि युवक हत्या के प्रयास मामले का आरोपी है. दोनों वीडियो को लेकर पुलिस महकमे में सवाल उठ रहे हैं.
हालांकि रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर को लाइन अटैच कर दिया गया. इसकी पुष्टि ट्रैफिक टीआई टीडी चंद्रा ने की है.
पहला वीडियो दुर्ग पुलिस के ट्रैफिक विभाग से जुड़ा हुआ है. इस वीडियो में सब इंस्पेक्टर महेश्वर देवांगन चालान के एवज में युवक से पैसे लेते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में यह भी सुनाई दे रहा है कि एसआई युवक को पैसे गिनने के लिए कह रहा है. मामला सामने आने के बाद सब इंस्पेक्टर महेश्वर देवांगन को लाइन अटैच कर दिया गया. इस मामले में ट्रैफिक टीआई टीडी चंद्रा ने कहा कि रिश्वत का वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई की गई है.
वहीं दूसरा वीडियो भिलाई के पावर हाउस रेलवे स्टेशन इलाके का बताया जा रहा है. इसमें छावनी थाना में पदस्थ कॉन्स्टेबल प्रमोद साहू एक युवक से मिलते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में दोनों हाथ मिलाते और गले मिलते नजर आते हैं. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि युवक बाबू खान है. जिसके खिलाफ जामुल थाना में हत्या के प्रयास यानी धारा 307 के तहत मामला दर्ज है. बताया जा रहा है कि वह फिलहाल जमानत पर बाहर है.
स्थानीय लोगों के बीच यह वीडियो भी चर्चा का विषय बना हुआ है. प्रमोद साहू का हाल ही में बालोद से दुर्ग ट्रांसफर हुआ था. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिख रहा युवक कौन है. इसकी जांच कराई जा रही है. अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है. हालांकि विभागीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है.
दोनों वीडियो एक ही दिन सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं. सोशल मीडिया पर लोग लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कुछ लोग कार्रवाई को सही बता रहे हैं तो कुछ का कहना है कि सिर्फ लाइन अटैच करना काफी नहीं है. फिलहाल पुलिस अधिकारी पूरे मामले में जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रहे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t