तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार भाई-बहन को कुचला, दोनों बच्चों की मौत, तीसरा बच्चा घायल, नाबालिग चला रहे वाहन, नेशनल हाईवे पर 2 घंटे तक चक्काजाम
A speeding tanker ran over a brother and sister riding a scooter, killing both children and injuring a third; the vehicle was being driven by a minor, and a traffic blockade was staged on the national highway for two hours.
कोरबा : कोरबा जिला में बांगो थाना क्षेत्र के पोड़ी बस स्टैंड के पास दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. एक तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन स्कूली बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया. इस भीषण हादसे में सगे भाई-बहन सहित दो बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि एक दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल है.
सामान लेने निकले थे बच्चे, टैंकर ने कुचला
मिली जानकारी के मुताबिक कोनकोना बस्ती के गोस्वामी पारा के रहने वाले 13 वर्षीय बूटी गोस्वामी और उसका 12 साल का छोटा भाई दशरथ गोस्वामी अपने घर की नई एक्टिवा स्कूटी लेकर कुछ घरेलू सामान और किराना खरीदने के लिए पोड़ी बस स्टैंड आए थे. इसी दौरान एक बेकाबू और तेज रफ्तार टैंकर वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी.
दोनों भाई-बहन की मौके पर मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पर सवार दोनों भाई-बहन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, उनके साथ मौजूद तीसरे बच्चे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. जिसे फौरन नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
नेशनल हाईवे पर चक्काजाम, मची रही अफरा-तफरी
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने बांगो-अंबिकापुर नेशनल हाईवे मुख्य मार्ग को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया. और चक्काजाम कर बैठ गए. 2 घंटे तक चक्काजाम की वजह से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. भीषण गर्मी के बीच कई यात्री बसें, चार पहिया वाहन और बाइक सवार घंटों जाम में फंसे रहे. जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
प्रशासनिक हस्तक्षेप और मुआवजे के बाद खुला जाम
घटना की खबर मिलते ही बांगो थाना पुलिस और इलाके के तहसीलदार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. गुस्साए ग्रामीण और पीड़ित परिवार प्रशासन से उचित मुआवजे और आरोपी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे. हालात को संभालते हुए तहसीलदार ने मौके पर ही मृतक बच्चों के पीड़ित परिवार को ₹25-25 हजार की तात्कालिक आर्थिक सहायता राशि प्रदान की.
सहायता राशि मिलने के बाद खत्म हुआ चक्काजाम
प्रशासनिक समझाइश और त्वरित सहायता राशि मिलने के बाद ग्रामीणों ने आखिरकार चक्काजाम खत्म किया. जिसके बाद पुलिस ने हाईवे पर यातायात बहाल कराया. पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



