सूदखोरी का पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, 40% मासिक ब्याज वसूली और जान से मारने धमकी देने वाली फरार मुख्य आरोपी सीमा यादव गिरफ्तार

Police have made a major breakthrough in a usury case; Seema Yadav, the absconding prime accused—who extorted 40% monthly interest and issued death threats—has been arrested.

सूदखोरी का पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, 40% मासिक ब्याज वसूली और जान से मारने धमकी देने वाली फरार मुख्य आरोपी सीमा यादव गिरफ्तार

दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध ब्याज वसूली और धमकी देकर लोगों को प्रताड़ित करने के मामले में वैशाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जरूरतमंद लोगों को कर्ज देकर उनसे हर महिना 40% तक ब्याज वसूलने के आरोप में फरार चल रही मुख्य आरोपी सीमा यादव उम्र 39 साल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि महिला अपने साथियों के साथ मिलकर आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे लोगों को ब्याज पर रकम देती थी और सुरक्षा के नाम पर उनके ब्लैंक चेक और दस्तखत करवा कर कोरे स्टाम्प पेपर अपने पास रख लेती थी. इसके बाद अत्यधिक ब्याज की मांग कर जान से मारने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जाती थी. इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.
मिली जानकारी के मुताबिक वैशाली नगर निवासी पूनम मनोज कुमार ने 27 अक्टूबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2023 से उसकी पहचान सीमा यादव और बबली साहू से थी. आर्थिक परेशानी के चलते उसने 16 दिसंबर 2024 को सीमा यादव से 50 हजार रुपये उधार लिए थे. आरोप है कि इस रकम पर हर महिना 40% ब्याज की मांग की गई.
50 हजार के कर्ज पर 72,500 रुपये ब्याज वसूला
शिकायतकर्ता के मुताबिक कर्ज देते समय आरोपियों ने सुरक्षा के नाम पर इंडियन बैंक के आठ ब्लैंक चेक और हस्ताक्षरयुक्त कोरे स्टाम्प पेपर अपने पास रख लिए थे. इसके बाद महिला से हर हफ्ता 2,500 रुपये की किस्त वसूली जाने लगी. उसने 29 हफ्ते में कुल 72,500 रुपये ब्याज के रूप में चुका दिए. इसके बावजूद आरोपियों द्वारा एक्स्ट्रा रकम की मांग की जाती रही. पीड़िता का आरोप है कि रकम नहीं देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जाती थी. यहां तक कि उसकी बेटी की हत्या करने और परिवार को घर से बेघर करने जैसी धमकियां देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया.
एक लाख के बदले 1.40 लाख रुपये ब्याज वसूलने का आरोप
इसी तरह शिकायतकर्ता की सहेली सुमिता ताम्बोली से भी अवैध ब्याज वसूली का मामला सामने आया है. सुमिता को एक लाख रुपये ब्याज पर दिलाए गए थे. इसके बदले सुरक्षा के नाम पर उसके इंडियन बैंक के आठ ब्लैंक चेक रख लिए गए. उससे हर हफ्ता पांच हजार रुपये के हिसाब से 28 हफ्ते में कुल एक लाख 40 हजार रुपये ब्याज वसूले जाने की शिकायत है. आरोप है कि इतनी रकम चुकाने के बाद भी फोन करके गाली-गलौज और धमकी दी जाती थी. लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत की.
छापेमारी में 3.79 लाख नकद और ब्लैंक चेक बरामद
शिकायत मिलने के बाद वैशाली नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 402/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 308(5), 3(5) और कर्ज एक्ट की धारा 4 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से संबंधित स्थानों पर तलाशी ली. आरोपी बबली साहू उर्फ बबली निरंजन के कब्जे से 99 हजार 900 रुपये नकद, कई बैंकों के ब्लैंक चेक, कोरे स्टाम्प पेपर और हिसाब-किताब की डायरी बरामद की गई. वहीं, आरोपी ज्योति निरंजन के कब्जे से ब्याज संबंधी लेन-देन की डायरी मिली. मुख्य आरोपी सीमा यादव के मकान की तलाशी में दो लाख 80 हजार रुपये नकद, कोरे चेक, स्टाम्प पेपर और ब्याज के हिसाब-किताब से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए. इस तरह पुलिस ने कुल तीन लाख 79 हजार 900 रुपये नकद जब्त किए हैं.
तीन आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
पुलिस ने इस मामले में बबली साहू उर्फ बबली निरंजन और ज्योति निरंजन को 28 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था. इसके अलावा आरोपी प्रमोद साहू को भी पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. मुख्य आरोपी सीमा यादव घटना के बाद से फरार चल रही थी. पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. जांच के दौरान उसका पता लगाकर उसे थाने लाया गया.
मुख्य आरोपी सीमा यादव गिरफ्तार
मिले सबूतोंऔर पूछताछ के आधार पर सीमा यादव को 2 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपी सीमा यादव उम्र 39 साल वैशाली नगर थाना क्षेत्र के सड़क नम्बर 14 स्थित पारिवाराल डेयरी के पास की निवासी है. गिरफ्तारी की खबर परिजनों को देने और जरुरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड के लिए अदालत में पेश किया गया.
आरोपी
सीमा यादव उम्र 39 साल वैशाली नगर थाना क्षेत्र के सड़क नम्बर 14 स्थित पारिवाराल डेयरी के पास जिला दुर्ग
बबली साहू उर्फ बबली निरंजन उम्र 42 साल निवासी कोहका, थाना सुपेला जिला दुर्ग
ज्योति निरंजन उम्र 27 साल निवासी श्रमिक नगर, थाना सुपेला जिला दुर्ग
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb