सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई तेज रफ्तार मोटरसाइकिल, दर्दनाक हादसे में ठेकेदार की मौत, गांव में पसरा मातम, पार्किंग को लेकर उठ रहे सवाल
A speeding motorcycle collided with a tractor-trolley parked on the roadside, resulting in the death of a contractor, causing mourning in the village, and raising questions about parking.
धमतरी : धमतरी जिले के ग्राम सिलौटी निवासी राजमिस्त्री ठेकेदार अर्जुन राम साहू पिता स्व पोखरू राम उम्र 55 साल की बुधवार शाम सड़क हादसे में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रथम दृष्टया यह हादसा लापरवाही का नजर आ रहा है. जिसमें सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा टकराना मौत की वजह बन सकती है.
मिली जानकारी के मुताबिक अर्जुन राम साहू बुधवार को अपने गांव में संत माता कर्मा जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए थे. इसके बाद शाम करीब 4 बजे वे अपने एक रिश्तेदार को छोड़ने पेंडरवानी (जिला बालोद) गए थे. वापसी के दौरान शाम करीब 6:30 बजे ग्राम कंवर के पास उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
इस हादसे के बाद राहगीरों ने हादसे की खबर पुलिस चौकी कंवर को दी. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए गुरुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
इस हादसे की जानकारी उस समय और स्पष्ट हुई जब मृतक के एक रेजा (मजदूर) ने अगले दिन के काम की पुष्टि के लिए अर्जुन राम साहू के मोबाइल पर फोन किया. फोन पुलिस ने उठाया और हादसे की जानकारी दी. जिसके बाद यह खबर धीरे-धीरे परिजनों और ग्रामीणों तक पहुंची.
ग्रामीण इलाकों में लापरवाही बन रही जानलेवा
ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर देखा जाता है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली, हार्वेस्टर, जेसीबी जैसे भारी वाहन सड़क किनारे या आधी सड़क पर ही खड़े कर दिए जाते हैं. कई बार इन पर न तो रिफ्लेक्टर होते हैं और न ही कोई चेतावनी संकेत... जिससे रात या शाम के समय ये वाहन नजर नहीं आते और हादसों की वजह बनते हैं.
प्रशासन और ग्रामीणों के लिए यह जरूरी है कि-
सड़क किनारे वाहन खड़े करते समय पर्याप्त दूरी और सुरक्षित स्थान का चयन किया जाए.
वाहनों पर रिफ्लेक्टर, रेडियम टेप या चेतावनी संकेत अनिवार्य रूप से लगाए जाएं.
रात के समय पार्किंग के दौरान इंडिकेटर या चेतावनी लाइट का उपयोग किया जाए.
गांव में पसरा मातम
चैत्र नवरात्र और हिंदू नववर्ष के पहले दिन हुई इस दुखद हादसे से ग्राम सिलौटी में शोक की लहर है. एक मेहनतकश ठेकेदार की असमय मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच में जुटी हुई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



