बोतल-जर्किन बैन तो निकाला देसी जुगाड़, बाइक में पेट्रोल खत्म, ट्रैक्टर ट्रॉली में लादकर पहुंचा पंप, वीडियो जमकर वायरल, इलाके में चर्चा का विषय
A local solution was found when the bottle-jerkin ban came into effect: the bike ran out of petrol, was loaded onto a tractor trolley and transported to the pump. The video went viral and became a topic of discussion in the area.
गरियाबंद : छत्तीसगढ़ में पेट्रोल पंपों पर बोतल और जर्किन में पेट्रोल देने पर लगी रोक के बीच गरियाबंद में एक ऐसा दिलचस्प मामला सामने आया है. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो को देखकर लोग जहां युवक की समझदारी और नियम पालन की तारीफ कर रहे हैं. वहीं कई लोग इसे “देसी जुगाड़ का शानदार उदाहरण” भी बता रहे हैं. यह मामला गरियाबंद-रायपुर रोड स्थित शांति फ़्यूल्स पेट्रोल पंप का है.
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को अचानक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पेट्रोल पंप परिसर में पहुंची. ट्रॉली में कोई सामान नहीं. बल्कि एक मोटरसाइकिल रखी थी. यह नजारा देखते ही पेट्रोल पंप कर्मचारी और वहां मौजूद लोग हैरान रह गए. कुछ देर तक सभी की नजरें ट्रॉली में रखी बाइक पर ही टिकी रहीं.
जानकारी के मुताबिक ग्रामीण युवक अपनी मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा था. तभी रास्ते में उसकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया. पहले उसने आसपास पेट्रोल की व्यवस्था करने की कोशिश की. लेकिन पेट्रोल पंपों में बोतल और जर्किन में पेट्रोल देने पर पाबंदी होने की वजह से उसे कहीं से पेट्रोल नहीं मिल पाया. इसके बाद युवक ने हार नहीं मानी और गांव से गरियाबंद की तरफ आ रहे एक ट्रैक्टर चालक से मदद मांगी. ट्रैक्टर चालक ने भी इंसानियत दिखाते हुए युवक और उसकी बाइक को ट्रॉली में बैठा लिया. फिर युवक अपनी बाइक को ट्रॉली में लादकर सीधे पेट्रोल पंप पहुंच गया.
पेट्रोल पंप पहुंचने पर जब कर्मचारियों और संचालक ने युवक से पूछा कि वह बाइक को ट्रॉली में रखकर क्यों लाया है. तब युवक ने पूरी कहानी बताई. उसकी बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे. कई लोगों ने युवक की तारीफ करते हुए कहा कि उसने नियम तोड़ने के बजाय उसका पालन किया और सुरक्षित तरीका अपनाया.
शांति फ़्यूल्स के संचालक दीप सिन्हा ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि लोग अब शासन के निर्देशों को गंभीरता से ले रहे हैं और नियमों का पालन भी कर रहे हैं.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं. कोई इसे “ग्रामीण जुगाड़” बता रहा है तो कोई युवक की जागरूकता की तारीफ कर रहा है. कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि “पेट्रोल नहीं मिला तो पूरी बाइक ही पंप पहुंच गई.”
फिलहाल यह वीडियो गरियाबंद समेत आसपास के जिलों में चर्चा का विषय बना हुआ है और तेजी से वायरल हो रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



