पति से विवाद के बाद पत्नी ने लगाई फांसी, मायके वालों ने लगाया प्रताड़ित कर दहेज में कार मांगने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग, पोस्टमॉर्टम को लेकर विवाद
Wife hangs herself following a dispute with her husband; her family alleges harassment and demands for a car as dowry, calls for an impartial investigation, and a dispute arises regarding the post-mortem.
सरगुजा : सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के कुनिया गांव में 23 साल की विवाहिता की संदिग्ध हालत में फांसी लगने से मौत हो गई. घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक कुनिया निवासी मिनी यादव की शादी करीब चार साल पहले गांव के ही अनुज यादव से हुआ था. दंपती की 18 माह की एक बेटी है. शनिवार शाम अनुज यादव अपनी बेटी को लेकर घर से कुछ दूरी पर स्थित किराना दुकान गया था. इसी दौरान घर में अकेली मौजूद मिनी ने अपने कमरे में फांसी लगा ली. घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कमलेश्वरपुर ले गए. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया. परिजनों ने कमलेश्वरपुर में पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए अंबिकापुर में चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की. उनकी मांग पर सोमवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया.
मृतका के पिता संजय यादव का आरोप है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था. उन्होंने बताया कि तिलक में बुलेट मोटरसाइकिल दी गई थी. लेकिन बाद में कार की मांग की जाने लगी. आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर बेटी के साथ मारपीट की जाती थी.
उन्होंने यह भी दावा किया कि शव पर चोट के निशान मिले हैं और घटना के बाद पति अनुज यादव घर से फरार है. पिता ने पति, सास, ससुर और ननद पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
वहीं, ससुराल पक्ष ने दहेज प्रताड़ना के आरोपों को निराधार बताया है. परिजनों का कहना है कि हाल ही में खरीदे गए मोबाइल फोन के पानी में भीग जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. उनका दावा है कि घटना का दहेज से कोई संबंध नहीं है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



