ड्यूटी पर गई पत्नी, मकान में उठीं आग की लपटें, रिहायशी इलाके में मची भगदड़, सिलेंडर की खबर से दहशत में खाली हुए घर, आग लगाकर नगर सैनिक पति फरार

Wife away on duty, flames erupt in the house, panic grips the residential area; homes evacuated in fear over reports of a gas cylinder, while the husband—a Civil Defence volunteer—flees after setting the fire.

ड्यूटी पर गई पत्नी, मकान में उठीं आग की लपटें, रिहायशी इलाके में मची भगदड़, सिलेंडर की खबर से दहशत में खाली हुए घर, आग लगाकर नगर सैनिक पति फरार

बलरामपुर : शहर के गर्ल्स हाईस्कूल पारा स्थित रिहायशी इलाके में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई. जब एक नगर सैनिक के पति ने कथित रूप से अपने ही घर में आग लगा दी. देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों और धुएं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. घर के अंदर गैस सिलेंडर होने की खबर मिलते ही आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई और कई परिवार एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए.
चश्मदीदों के मुताबिक नगर सैनिक महिला अपनी नियमित ड्यूटी पर गई हुई थी. इसी दौरान उसके पति ने कथित तौर पर घर में आग लगा दी. आग लगाने के बाद वह मौके से फरार हो गया. कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और दूर-दूर तक धुएं का गुब्बार दिखाई देने लगा. स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस और फायर ब्रिगेड को खबर दी.
खबर मिलते ही बलरामपुर कोतवाली पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. रिहायशी क्षेत्र होने और घर में गैस सिलेंडर मौजूद होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने फौरन आसपास के मकानों को खाली कराया. इससे कुछ समय के लिए पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
फायर ब्रिगेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. समय रहते आग बुझा दिए जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया. अगर आग सिलेंडर तक पहुंच जाती तो आसपास के कई मकान इसकी चपेट में आ सकते थे.
घटना के बाद बड़ी तादाद में लोग मौके पर जुट गए. शुरुआती जांच में घरेलू विवाद को आगजनी की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल आरोपी पति फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीम जुटी हुई है.
पुलिस ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वजह साफ हो सकेगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच बलरामपुर कोतवाली पुलिस कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t