भाजपा नेताओं की तिरंगा यात्रा में नजर आया उल्टा तिरंगा, फोटो वायरल, सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी चर्चा, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर उठ रहे सवाल
Upside-down Tricolour spotted during BJP leaders' 'Tiranga Yatra'; photo goes viral, sparking discussion over social media posts and raising questions regarding respect for the national flag.
कोरबा : स्वतंत्रता दिवस से पहले देश भर में तिरंगा यात्राओं के जरिए राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जा रहा है. इसी कड़ी में बुधवार को कोरबा के बालको क्षेत्र में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई. यात्रा की सामने आई तस्वीर में एक तिरंगा उल्टी दिशा में दिखाई देने के बाद सोशल मीडिया पर आयोजकों की सतर्कता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सावधानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
तस्वीर में यात्रा के दौरान आगे चल रहे भाजपा नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल के हाथ में तिरंगा ऐसा दिखाई दे रहा है. जिसमें केसरिया रंग नीचे और हरा रंग ऊपर नजर आ रहा है. पीछे चल रहे कुछ अन्य लोगों के हाथों में भी तिरंगे की दिशा को लेकर ऐसी ही स्थिति दिखाई दे रही है.
बताया गया कि तिरंगा यात्रा में बालको मंडल अध्यक्ष डिलेंद्र यादव, वरिष्ठ नेत्री मंजू सिंह सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारों के साथ विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया.
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी चर्चा
यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए गए थे. बाद में तिरंगे की दिशा को लेकर सवाल उठने के बाद कुछ पोस्ट हटाए जाने की चर्चा भी सामने आई. हालांकि, पोस्ट हटाए जाने के कारणों को लेकर आयोजकों की तरफ से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है.
राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर सवाल
राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. तिरंगा यात्रा का मकसद ही राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है. ऐसे में यात्रा के दौरान तिरंगे की सही दिशा सुनिश्चित करना आयोजकों और प्रतिभागियों की जिम्मेदारी मानी जाती है.
यह घटना मानवीय भूल हो सकती है. लेकिन वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी में ऐसी स्थिति सामने आने पर आयोजन की व्यवस्था और जिम्मेदार पदाधिकारियों की सतर्कता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है. फिलहाल इस मामले में संबंधित नेताओं या भाजपा संगठन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
लोगों का कहना है कि देश की आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे को लेकर आयोजित यात्रा में ध्वज की दिशा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए था. मामले को लेकर अब संगठन के स्तर पर क्या रुख अपनाया जाता है. इसे लेकर भी चर्चा बनी हुई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



