कोपरा में दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते मौत के मुंह में समाए दो मासूम, गहरे गड्ढे में डूबने से भाई-बहन दोनों की मौत, गहरे सदमे में परिजन, गांव में पसरा मातम
Tragic incident in Kopra: Two innocent children lose their lives while playing; a brother and sister drown in a deep pit. The family is in deep shock, and the village is plunged into mourning.
गरियाबंद : गरियाबंद जिले के नगर पंचायत कोपरा में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में घर के बाहर खेल रहे भाई-बहन की कचरा फेंकने के लिए बने गहरे घुरवा गड्ढे में डूबने से मौत हो गई. लगातार बारिश की वजह से गड्ढे में करीब 10 से 12 फीट तक पानी भर गया था. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक कोपरा के तर्रा रोड निवासी बिसेलाल साहू के पोते योगेश साहू और पोती सुमन साहू घर के बाहर खेल रहे थे. इसी दौरान दोनों पास में स्थित घुरवा गड्ढे के पास पहुंच गए. आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय किसी तरह उनका पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में गिर गए. जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई.
काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. आसपास के ग्रामीणों की मदद से खोजबीन की गई. जिसके बाद दोनों बच्चे गड्ढे में मिले. ग्रामीणों ने फौरन उन्हें बाहर निकाला. लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की खबर मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया. शुरुआती जांच में मामला डूबने से मौत का माना जा रहा है. हालांकि असल वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा.
इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग किया कि ऐसे खुले और गहरे घुरवा गड्ढों की फौरन घेराबंदी की जाए और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। साथ ही, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी मांग की गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा के उपाय किए गए होते तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था. मासूम भाई-बहन की एक साथ मौत से पूरा गांव स्तब्ध है और माहौल गमगीन बना हुआ है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



