स्वाति मालीवाल पहुंच गईं थाने, आरोप लगाया केजरीवाल के आवास पर बदसलूकी की...
दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल सोमवार को सिविल लाइंस थाने पहुंची और बेहद गंभीर आरोप लगाए। मालीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास पर उनके साथ बदसलूकी की गई।
दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल सोमवार को सिविल लाइंस थाने पहुंची और बेहद गंभीर आरोप लगाए। मालीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास पर उनके साथ बदसलूकी की गई। स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर उनके साथ बदसलूकी की गई। उन्होंने केजरीवाल के पर्सनल स्टाफ पर आरोप लगाया। एक पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को यह जानकारी दी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस को लिखित में शिकायत नहीं मिली थी।
अधिकारी ने बताया कि मालीवाल ने पीसीआर कॉल भी की थी और झगड़े का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10 बजे दो कॉल आई थी। सिविल लाइंस थाने की एक टीम मुख्यमंत्री के आवास पर जांच के लिए पहुंची। फिलहाल, दिल्ली पुलिस, स्वाति मालिवाल, आम आदमी पार्टी या मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से कोई बयान नहीं जारी किया गया है।
भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं ने जरूर सोशल मीडिया पर अरविंद केजरीवाल की घेराबंदी शुरू कर दी है। भाजपा नेता अमिल मालवीय ने एक्स पर लिखा, 'आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद और दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के पीए ने उन पर हमला किया। दिल्ली सीएम के आवास से फोन किया गया। याद रखें केजरीवाल की गिरफ्तारी पर स्वाति मालीवाल चुप रहीं थीं। वास्तव में उस समय वह भारत में भी नहीं थीं और लंबे समय तक नहीं लौटीं।'
स्वाति मालीवाल आम आदमी पार्टी की तेज तर्रार नेता हैं। उन्हें इसी साल पार्टी ने राज्यसभा भेजा है। इससे पहले वह दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष रहीं और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर बेहद सक्रियता से काम करती रहीं। स्वाति आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रही हैं। वह अन्ना आंदोलन के दौरान से ही अरविंद केजरीवाल के करीबी लोगों में शामिल रही हैं। (एजेंसी)



