8 दिन से लापता रिटायर्ड शिक्षा अधिकारी की मिली लाश, इलाके में मचा हड़कंप, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस, हिरासत में दो संदेही, पूछताछ जारी
Retired education officer missing for 8 days found dead, area in turmoil, suspicion of murder, police investigating, two suspects in custody, interrogation ongoing
मुंगेली : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक रिटायर्ड शिक्षा अधिकारी की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान दामोदर सिंह राजपूत के रूप में हुई है. जो पिछले 8 दिनों से लापता थे. पुलिस ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए जांच तेज कर दी है और दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक दामोदर सिंह राजपूत 21 मार्च की सुबह करीब 10 बजे नवरात्रि के दौरान अपने गांव झाफल जाने के लिए घर से निकले थे. इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला. परिजनों ने काफी खोजबीन की. लेकिन उनका सुराग नहीं लगने पर लालपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
पुलिस ने शिकायत के बाद बुजुर्ग की तलाश शुरू की. इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली। जिसमें उनका बैग भी टंगा हुआ था. वाहन मिलने के बाद पुलिस ने इसे जब्त कर लिया और जांच का दायरा बढ़ाया.
तलाश के दौरान पुलिस को खबर मिली कि कवर्धा जिले के पंडरिया क्षेत्र के जंगल में एक शव मिला है. मौके पर पहुंचकर पहचान करने पर यह शव दामोदर सिंह राजपूत का निकला. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने हत्या के बाद शव को जंगल में छुपाने की कोशिश की थी
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस का अनुमान है कि पहले बुजुर्ग का अपहरण किया गया और फिर कवर्धा ले जाकर उनकी हत्या कर दी गई. इसके बाद आरोपियों ने सबूत छुपाने के लिए शव को जंगल में फेंक दिया. मामले में एक और अहम पहलू सामने आया है. बताया जा रहा है कि मृतक का परिवार के कुछ लोगों के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. इस बारे में पहले भी थाने में शिकायत दर्ज की गई थी। पुलिस इस एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने क्षेत्र में डर का माहौल पैदा कर दिया है. एक बुजुर्ग की इस तरह हत्या की आशंका ने लोगों को चिंतित कर दिया है. स्थानीय लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि संदेहियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



