पोटाश बम से जंगली सूअर का शिकार करने वाले गिरोह पर टाइगर रिजर्व का शिकंजा, पूछताछ से मिले अहम सुराग, दो आरोपी गिरफ्तार, जमानत याचिका खारिज

Tiger Reserve authorities crack down on a gang hunting wild boars using 'potash bombs'; interrogation yields crucial leads, two suspects arrested, and bail plea rejected.

पोटाश बम से जंगली सूअर का शिकार करने वाले गिरोह पर टाइगर रिजर्व का शिकंजा, पूछताछ से मिले अहम सुराग, दो आरोपी गिरफ्तार, जमानत याचिका खारिज

गरियाबंद-धमतरी : जंगली जानवरों के शिकार के लिए जंगलों में पोटाश बम बिछाने वाले गिरोह के खिलाफ उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है. जंगली सुअर के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों पर पोटाश बम बनाने और उसके लेन-देन में शामिल होने का आरोप है. गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया. जहां से न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया. वहीं, 20 नवंबर को अदालत ने दोनों आरोपियों की जमानत याचिका भी खारिज कर दी. वन विभाग अब आरोपियों से मिले सुराग के आधार पर पोटाश बम बनाने, उसकी सप्लाई करने और वन्यप्राणियों के शिकार में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रहा है.
मामला उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के सीतानदी अभयारण्य अंतर्गत रिसगांव वन परिक्षेत्र का है. छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगे आरक्षित वन क्षेत्र के कक्ष क्रमांक 254-255 स्थित चिखलापानी में 29 सितंबर 2026 को पोटाश बम से एक जंगली सुअर का शिकार किया गया था. इस मामले में वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण क्रमांक 70/22 दर्ज कर जांच शुरु की थी. जांच में सामने आया कि शिकार के लिए विस्फोटक पदार्थ से तैयार पोटाश बम का इस्तेमाल किया गया था.
जेल में पूछताछ से मिले अहम सुराग
वन विभाग ने इस मामले में पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इनमें ओडिशा के नबरंगपुर जिले के खिलौली गांव निवासी नरसिंग निषाद, मानसिंग राऊत, देवानंद उर्फ लैला केंवट और शेषमल गोंड़ के साथ पोटाश बम सप्लाई करने के आरोप में कोंडागांव जिले के कोरहोबेड़ा निवासी भारत राठौर शामिल था.
आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया था. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेजा गया. मामले की आगे की जांच के लिए वन विभाग ने अदालत से जेल में पूछताछ की अनुमति प्राप्त की. इसके बाद 5 नवंबर को उपनिदेशक वरुण जैन सहित वन विभाग की टीम ने जिला जेल पहुंचकर आरोपियों से पूछताछ की. इस दौरान पोटाश बम बनाने और उसके लेन-देन से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की बात सामने आई.
पूछताछ के दौरान पोटाश बम सप्लाई करने के आरोपी भारत राठौर ने कथित तौर पर अपने उन साथियों के नाम बताए. जो बम बनाने और उसके लेन-देन में शामिल थे. इसी जानकारी के आधार पर वन विभाग ने आगे की कार्रवाई की.
कोंडागांव और धमतरी से पकड़े गए दो आरोपी
मिली जानकारी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर वन विभाग की टीम ने 17 नवंबर को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की. इस दौरान कोंडागांव जिले के कोरहोबेड़ा निवासी जोहरु नेताम उम्र 40 साल और धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र के मुकुंदपुर निवासी मनकलाल मरकाम उम्र 37 साल को गिरफ्तार किया गया.
आरोपी
जोहरु नेताम पिता सुकाल उम्र 40 साल निवासी कोरहोबेड़ा थाना विश्रामपुरी, जिला कोंडागांव छत्तीसगढ़
मनकलाल मरकाम पिता गोवर्धन उम्र 37 साल निवासी ग्राम मुकुंदपुर, थाना सिहावा, तहसील नगरी, जिला धमतरी छत्तीसगढ़
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb