DCA-PGDCA पर शासन का बड़ा फैसला, पटवारी • AG-3 और DEO अभ्यर्थियों को मिली राहत, पुराने कंप्यूटर प्रमाण-पत्र और डिप्लोमा रहेंगे मान्य

Major government decision regarding DCA/PGDCA: Relief for Patwari, AG-3, and DEO candidates—existing computer certificates and diplomas will remain valid.

DCA-PGDCA पर शासन का बड़ा फैसला, पटवारी • AG-3 और DEO अभ्यर्थियों को मिली राहत, पुराने कंप्यूटर प्रमाण-पत्र और डिप्लोमा रहेंगे मान्य

रायपुर : छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने विभिन्न तृतीय श्रेणी पदों पर नियुक्ति के लिए निर्धारित कंप्यूटर संबंधी न्यूनतम तकनीकी योग्यता को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है. शासन के इस स्पष्टीकरण से उन अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है. जो कंप्यूटर डिप्लोमा, प्रमाण-पत्र और डिग्री की मान्यता को लेकर असमंजस में थे. सामान्य प्रशासन विभाग ने 19 नवंबर 2026 को पत्र क्रमांक RULE/952/2026-GAD-3 जारी कर छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के परीक्षा नियंत्रक को अहम निर्देश दिए हैं.
9 सितंबर 2026 की अधिसूचना के बाद पैदा हुआ था भ्रम
दरअसल, सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना क्रमांक RULE/297/2025-GAD-3, तारीख 9 सितंबर 2026 के माध्यम से शीघ्रलेखक, डाटा एंट्री ऑपरेटर, स्टेनो टायपिस्ट, सहायक ग्रेड-3 और पटवारी आदि पदों पर नियुक्ति के लिए न्यूनतम तकनीकी योग्यता के रूप में मान्यता प्राप्त संस्था से कंप्यूटर में एक वर्षीय डिप्लोमा निर्धारित किया गया था.
इसके बाद अभ्यर्थियों के बीच यह सवाल उठने लगा था कि आखिर किन संस्थाओं से प्राप्त कंप्यूटर डिप्लोमा, प्रमाण-पत्र या डिग्री को मान्य माना जाएगा. इस बारे में शासन के संज्ञान में कई तरह की भ्रांतियां सामने आईं.
पुराने शासनादेशों में निर्धारित योग्यताएं रहेंगी मान्य
सामान्य प्रशासन विभाग ने अपने नए स्पष्टीकरण में साफ किया है कि छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल अधिनियम, 2026 की धारा-19 के तहत संबंधित पदों के लिए कंप्यूटर विषय से जुड़ी वही प्रमाण-पत्र, डिप्लोमा और उपाधियां यथावत मान्य रहेंगी. जो सामान्य प्रशासन विभाग के पूर्व में जारी परिपत्रों में निर्धारित की गई थीं.
इनमें प्रमुख रूप से निम्न तिथियों के शासन परिपत्र शामिल हैं.
23 जनवरी 2015
22 जनवरी 2018
31 जनवरी 2018
यानी 9 सितंबर 2026 की अधिसूचना के आधार पर पहले से निर्धारित मान्य कंप्यूटर योग्यताओं को लेकर कोई नई अलग लिस्ट लागू करने के बजाय पुराने शासनादेशों में निर्धारित प्रावधानों को यथावत रखने की स्थिति स्पष्ट की गई है.
किन पदों के अभ्यर्थियों के लिए अहम है आदेश?
शासन का यह स्पष्टीकरण मुख्य रूप से निम्न पदों की भर्ती से संबंधित है.
शीघ्रलेखक
डाटा एंट्री ऑपरेटर
स्टेनो टायपिस्ट
सहायक ग्रेड-3
पटवारी एवं अन्य संबंधित पद
पूर्व शासन परिपत्रों में निर्धारित कंप्यूटर योग्यताओं में DCA, PGDCA, ITI-COPA तथा कंप्यूटर विषय से संबंधित अन्य निर्धारित डिप्लोमा एवं उपाधियां शामिल हैं. हालांकि इनकी मान्यता संबंधित पुराने परिपत्रों की शर्तों के मुताबिक ही होगी.
विभागों को भर्ती नियमों के अनुरूप कार्रवाई के निर्देश
शासन ने संबंधित निर्देशों के मुताबिक जरुरी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि भर्ती प्रक्रिया में कंप्यूटर योग्यता को लेकर अनावश्यक भ्रम और विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो.
अभ्यर्थियों के लिए क्या है इसका मतलब?
इस आदेश का सबसे अहम पहलू यह है कि कंप्यूटर में एक वर्षीय डिप्लोमा की नई न्यूनतम अर्हता निर्धारित होने के बाद भी पहले से शासन द्वारा मान्य कंप्यूटर प्रमाण-पत्र, डिप्लोमा और उपाधियों की वैधता को खत्म नहीं किया गया है.
इससे पटवारी, सहायक ग्रेड-3, डाटा एंट्री ऑपरेटर और स्टेनो टायपिस्ट जैसे पदों की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अपनी कंप्यूटर योग्यता की मान्यता को लेकर महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण मिला है.
विशेष नोट: अभ्यर्थी अपने कंप्यूटर कोर्स, संस्थान की मान्यता, पाठ्यक्रम की अवधि और संबंधित भर्ती विज्ञापन में दी गई अन्य शर्तों का मिलान जरुर करें.
आदेश दिनांक : 19 नवंबर 2026
विभाग : सामान्य प्रशासन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन
पत्र क्रमांक : RULE/952/2026-GAD-3
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb