शराब पार्टी के बाद दोस्त की हत्या, गाली-गलौज से नाराज युवक ने सब्बल से सिर पर किया वार, मर्डर वेपन-कपड़ा तालाब में फेंका, 2 आरोपी गिरफ्तार

Friend murdered after drinking party; enraged by verbal abuse, a young man struck his friend on the head with a crowbar, then threw the murder weapon and clothing into a pond; two accused arrested.

शराब पार्टी के बाद दोस्त की हत्या, गाली-गलौज से नाराज युवक ने सब्बल से सिर पर किया वार, मर्डर वेपन-कपड़ा तालाब में फेंका, 2 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डूमर में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली. मामूली कहासुनी के बाद युवक की सब्बल से हमला कर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है. यह मामला नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम डूमर का है.
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को ग्राम कोटवार के जरिए मर्डर की खबर मिली. जिसके बाद नंदनी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल पर मिले सबूतों के आधार पर मृतक की पहचान पथरिया निवासी चेतन ठाकुर उम्र 18 साल के रूप में की गई.
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक चेतन ठाकुर अपने दो साथियों सोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे के साथ देर रात शराब का सेवन कर रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि रात करीब 1 बजे मुख्य आरोपी सोमनाथ यादव ने गुस्से में आकर सब्बल से चेतन ठाकुर के सिर पर जोरदार हमला कर दिया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए घटना में इस्तेमाल किया गया. सब्बल और अपने पहने हुए कपड़े पास के पुराना गौठान स्थित तालाब में फेंक दिया. पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम की मदद से तलाशी अभियान चलाकर तालाब से सब्बल और कपड़े बरामद कर लिया.
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों सोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया. दोनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत में पेश किया गया. जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या का कारण शराब के दौरान हुआ आपसी विवाद था. हालांकि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक तीनों युवक अक्सर साथ बैठकर शराब का सेवन करते थे और इसी दौरान विवाद की स्थिति बन गई. जो इस गंभीर घटना में बदल गई. पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t