चोरी की झूठी रिपोर्ट का खुलासा, व्यापारी ने खुद छिपाए 3.15 लाख रुपए, घरवालों के डर से रची साजिश, किराना व्यापारी चिराग अग्रवाल गिरफ्तार, रकम जप्त
False theft report exposed, businessman himself hid 3.15 lakh rupees, plotted out of fear of family members, grocery merchant Chirag Agarwal arrested, money seized
जांजगीर-चांपा : थाना अकलतरा पुलिस ने चोरी की झूठी रिपोर्ट का पर्दाफाश करते हुए एक किराना व्यापारी से 3 लाख 15 हजार 746 रुपए बरामद किए हैं. व्यापारी ने उधारी छुपाने और घरवालों के डर से चोरी की फर्जी कहानी बनाकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी चिराग अग्रवाल निवासी तरौद, थाना अकलतरा ने 4 जून 2026 को थाना पहुंचकर बताया कि वह होलसेल किराना दुकान संचालित करता है. शाम करीब 7:30 बजे कमला नारायण राइस मिल से धान बिक्री के 3,15,746 रुपए लेकर स्कूटी की डिक्की में रखकर घर जा रहा था. रास्ते में वह शास्त्री चौक स्थित अरोरा मेडिकल में दवा लेने रुका और बाद में सिंघानिया पेट्रोल पंप के पास से शिवा साहू को बैठाकर कन्हैया जनरल स्टोर गया. घर पहुंचने पर डिक्की से रुपए गायब मिले.
इस शिकायत पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 320/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई. जांच के दौरान पुलिस ने अरोरा मेडिकल, कन्हैया जनरल स्टोर और अकलतरा रोड के ष्टष्टञ्जङ्क फुटेज खंगाले. लेकिन कहीं भी चोरी की घटना या संदिग्ध व्यक्ति नजर नहीं आया. कन्हैया जनरल स्टोर संचालक ने भी बताया कि स्कूटी दुकान के सामने खड़ी थी और उस दौरान कोई व्यक्ति उसके पास नहीं आया. वहीं शिवा साहू ने भी पुष्टि की कि चिराग कहीं और नहीं रुका था.
पुलिस को शक होने पर चिराग अग्रवाल से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई. जिसमें वह टूट गया और सच कबूल कर लिया. चिराग ने बताया कि उसकी उधारी ज्यादा हो गई थी. जिसकी जानकारी घरवालों को नहीं थी. डर की वजह से उसने रकम अपने पास रख ली और चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी.
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पूरी रकम 3,15,746 रुपए बरामद कर जप्त कर लिया है. पुलिस ने बताया कि झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के मामले में प्रार्थी के खिलाफ अलग कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया तथा साइबर सेल से निरीक्षक सागर पाठक, आरक्षक प्रदीप दुबे और शाहबाज अहमद की अहम भूमिका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



