अस्पताल लेकर पहुंचे युवक ही निकले कातिल, पत्नी से छेड़छाड़ का बदला बनी कत्ल की वजह, दो आरोपी गिरफ्तार, खून से सने कपड़े और बाइक बरामद
The very youths who rushed the victim to the hospital turned out to be the killers; revenge for the molestation of a wife was the motive behind the murder. Two accused have been arrested, and blood-stained clothes and a motorcycle have been recovered.
महासमुंद/बसना : महासमुंद जिला के बसना थाना क्षेत्र की भंवरपुर चौकी अंतर्गत ग्राम बड़े साजापाली में परदेशी यादव की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक जिन दो युवकों ने परदेशी यादव को मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचाया था, जांच के बाद उन्हीं की भूमिका हत्या में सामने आई. पुलिस ने मनोहर कोसरिया और भानूप्रताप लहरे को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर कथित रूप से खून लगे कपड़े और वारदात में इस्तेमाल मोटर साइकिल भी जब्त की गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक 10 सितंबर को भंवरपुर चौकी को अस्पताल से एक मेमो मिला था. खबर के बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची. शुरुआती जानकारी में सामने आया कि दो युवक परदेशी यादव को मोटर साइकिल से अस्पताल लेकर आए थे. जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मामला उस समय संदिग्ध हो गया. जब शव की जांच में परदेशी के शरीर पर चोट के कई निशान मिले. इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम में मौत को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका सामने आने के बाद जांच तेज कर दी गई. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया. फोरेंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक सबूत भी जुटाए गए. मृतक के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना से पहले उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई गई.
शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद
जांच में पुलिस को पता चला कि वारदात से कुछ समय पहले परदेशी यादव, मनोहर कोसरिया और भानूप्रताप लहरे एक साथ शराब पी रहे थे. इसी दौरान परदेशी द्वारा मनोहर की पत्नी के साथ छेड़छाड़ किए जाने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. विवाद बढ़ने पर मनोहर ने परदेशी के साथ हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट शुरू कर दी. गंभीर चोट लगने से परदेशी जमीन पर गिर गया.
आरोप है कि इसके बाद भी उसके साथ मारपीट की गई. जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया. इसके बाद मनोहर और भानूप्रताप कथित तौर पर परदेशी को मोटरसाइकिल से अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
खून लगे कपड़े गड्ढे में छिपाने का आरोप
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों से पूछताछ की. पूछताछ में परदेशी के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई. घटना के दौरान आरोपियों के कपड़ों पर खून लगने की जानकारी भी पुलिस को मिली. आरोप है कि वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए खून लगे कपड़ों को भंवरपुर स्थित शासकीय अस्पताल के सामने एक गड्ढे में छिपा दिया गया था. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कपड़ों को बरामद किया. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है.
दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 492/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) में मामला दर्ज किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोहर कोसरिया उम्र 37 साल निवासी बड़े साजापाली और भानूप्रताप लहरे उम्र 37 साल निवासी कुदरीपारा, बांकी मोंगरा के रूप में हुई है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. पुलिस अब फोरेंसिक सबूतों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जब्त सामग्री के आधार पर मामले में आगे की जांच कर रही है.
आरोपी
भानूप्रताप लहरे पिता बुद्धेश्वर लहरे उम्र 37 साल निवासी कुदरीपारा बांकी मोंगरा, थाना बांकी मोंगरा, जिला कोरबा छत्तीसगढ़
मनोहर कोसरिया पिता स्व देवेन्द्र कोसरिया उम्र 37 साल निवासी बड़े साजापाली, चौकी भंवरपुर, थाना बसना जिला महासमुंद छत्तीसगढ़
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



