फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर : CMHO के जाली हस्ताक्षर से जारी किया फर्जी स्थानांतरण आदेश किया जारी, 2 बीजेपी नेता समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
Fake Transfer Order: Fraudulent transfer order issued using forged signature of CMHO; 4 accused, including 2 BJP leaders, arrested.
बलौदाबाजार-भाटापारा : बलौदाबाजार जिले में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. CMHO के जाली हस्ताक्षर से फर्जी ट्रांसफर आदेश तैयार करने के मामले में पलारी पुलिस ने ग्रामीण चिकित्सा सहायक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि कूटरचित दस्तावेज को असली बताकर स्वास्थ्य विभाग में पेश किया गया था.
मामला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन से जुड़ा है. पलारी BMO डॉ. पंकज वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। शिकायत के मुताबिक करण कुमार देवांगन की तरफ से CMHO कार्यालय बलौदाबाजार के नाम से जारी एक ट्रांसफर आदेश पेश किया गया था.
CMHO कार्यालय से जारी नहीं हुआ था ऐसा कोई आदेश
आदेश में करण कुमार देवांगन का ट्रांसफर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोपर, विकासखंड भाटापारा दर्शाया गया था. जांच के दौरान CMHO कार्यालय ने ऐसा कोई आदेश जारी करने से इंकार किया. साथ ही आदेश में दर्ज हस्ताक्षर भी फर्जी और कूटरचित पाए गए.
पलारी थाने में दर्ज हुआ मामला
पुलिस के मुताबिक राज्य संवर्ग के कर्मचारी के स्थानांतरण का अधिकार राज्य शासन के पास है. इसके बावजूद कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे वास्तविक आदेश के रूप में पेश किया गया. मामले में पलारी थाने में अपराध क्रमांक 347/2026 दर्ज कर BNS की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई.
ये आरोपी पकड़े गए
जांच के दौरान पुलिस ने करण कुमार देवांगन समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में रवि कुमार सेन, पुनीराम पटेल और किशना उर्फ कृष्ण कुमार अवस्थी भाजपा नेता भी शामिल हैं.
आरोपियों ने एकराय होकर किया फर्जीवाड़ा
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों द्वारा एक राय होकर जुर्म करना कबूल किया गया है. सभी आरोपियों को 22 अगस्त 2026 को अदालत के सामने पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है. मामले में आगे की विवेचना जारी है.
जांच में सामने आएगा फर्जीवाउ़ा का मकसद
फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार कर उसका इस्तेमाल करने के इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अब जांच में यह भी सामने आने का इंतजार है कि फर्जी ट्रांसफर आदेश तैयार करने के पीछे क्या मकसद था और इस पूरे मामले में अन्य कोई व्यक्ति शामिल है या नहीं.
गिरफ्तार आरोपी
1. करण कुमार देवांगन पिता लहुर साय देवांगन उम्र 44 साल निवासी मंगलम कालोनी बलौदाबाजार, थाना सिटी कोतवाली चिकित्सा सहायक, PHC रोहांसी
2. रवि कुमार सेन पिता नूतन लाल सेन उम्र 43 साल निवासी कसडोल वार्ड नम्बर 4 सिरपुर रोड, एवं ग्राम कटगी थाना कसडोल
3. पुनीराम पटेल पिता डेरहा राम पटेल उम्र 51 साल निवासी ग्राम गिरौदपुरी अटल चौक के पास, थाना गिधौरी, चौकी गिरौदपुरी (जिला उपाध्यक्ष)
4. किशना उर्फ कृष्ण कुमार अवस्थी पिता स्व कुंजराम अवस्थी उम्र 53 साल निवासी ग्राम रिसदा गांधी चौक, थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार (बीजेपी जिला महामंत्री)
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



