गणेश विसर्जन के दौरान डीजे बंद कराने को लेके विवाद हिंसा में बदला, उपसरपंच समेत परिजनों पर घर घुसकर जानलेवा हमला, 5 लोग घायल

Dispute over stopping DJ during Ganesh immersion turned into violence, deadly attack on the Deputy Sarpanch and his family members by breaking into their house, 5 people injured

गणेश विसर्जन के दौरान डीजे बंद कराने को लेके विवाद हिंसा में बदला, उपसरपंच समेत परिजनों पर घर घुसकर जानलेवा हमला, 5 लोग घायल

बिलासपुर/तखतपुर : तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भिलौनी में गणेश विसर्जन के दौरान डीजे बंद कराने की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि उपसरपंच पति महेश यादव और उनके परिजनों पर गांव के ही छह लोगों ने घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया. पीड़ित महेश यादव ने घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई है. जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है
प्रार्थी महेश यादव ने बताया कि 7 सितंबर की शाम गणेश विसर्जन के लिए डीजे बजाया जा रहा था. रात होने और बिना अनुमति के डीजे बजाने पर उन्होंने इसे बंद करा दिया और सभी लोगों से अपने घर जाने को कहा. इसी बात से नाराज होकर देर शाम करीब 7 बजे रितेश यादव उर्फ बद्री, अभिषेक यादव, प्रेमचंद यादव उर्फ गोलू, राजेश उर्फ लल्लू, उमेश यादव और धनसाय यादव कार और मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे.
आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडा-लोहे की रॉड निकालकर घर के भीतर घुस आए. हमले में महेश यादव, उनके बेटे अंकित यादव, भाई रामावतार व तुलसीराम यादव सहित बेटी कोमोलिका, भाभी कमला बाई और उपसरपंच पत्नी संध्या यादव घायल हो गए. सभी को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं और खून बहने की स्थिति भी बनी.
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया. पुलिस ने महेश यादव की शिकायत पर रितेश यादव उर्फ बद्री, अभिषेक यादव, प्रेमचंद यादव, राजेश यादव उर्फ लल्लू, उमेश यादव और धनसाय यादव के खिलाफ धारा 115(2), 191(2), 296, 333 और 351(2) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t