कबीरधाम में दो पक्षों के बीच विवाद ने लिया हिंसक रुप, तलवार और लाठी-डंडों से हमला, अफरा-तफरी का माहौल, कई घायल, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
Dispute between two parties in Kabirdham took a violent turn, attack with swords and sticks, chaos ensued, many injured, additional police force deployed
कबीरधाम : कबीरधाम जिले में स्वतंत्रता दिवस पर जमीन विवाद ने हिंसक रुप ले लिया. दो पक्षों के बीच शुरु हुआ विवाद देखते ही देखते लाठी-डंडों, तलवार और अन्य हथियारों से खुलेआम मारपीट में बदल गया. इस दौरान एक व्यक्ति ने सरेआम तलवार लहराते हुए वार किया. जिससे गांव में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई. यह घटना पांडातराई थाना क्षेत्र के धोबघट्टी गांव की है.
मिली जानकारी के मुताबिक 15 अगस्त को गांव में दो पक्षों के बीच पुराना जमीन विवाद फिर भड़क उठा. शुरु में कहासुनी और बहसबाजी हुई. लेकिन देखते ही देखते मामला गंभीर हो गया और दोनों ओर से लोग लाठी-डंडे, तलवार और अन्य धारदार हथियार लेकर आमने-सामने आ गए.
चश्मदीदों के मुताबिक एक पक्ष के व्यक्ति ने सरेआम तलवार लहराते हुए वार किया. जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. तलवार और लाठी-डंडों से हो रहे हमले की वजह से लोग इधर-उधर भागने लगे. स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर हुई इस हिंसक घटना ने पूरे गांव को दहला दिया. कई लोग घायल भी हुए. हालांकि घायलों की तादाद और हालत के बारे में पुलिस ने अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.
घटना की खबर के बाद डॉयल 112 की टीम और पांडातराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को कंट्रोल में लिया और दोनों पक्षों के लोगों को समझाइश दी. वहीं माहौल में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है. पुलिस ने हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में जुर्म दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है.
अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
वर्तमान में गांव में तनाव का माहौल है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है. ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसर पर हिंसा का होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



