पेट्रोल-डीजल कीमतों और संकट को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, बढ़ती कीमतों से जनता परेशान, गले में खाली बोतलों की माला पहन शहर अध्यक्ष ने खोला मोर्चा

Congress protests against petrol and diesel prices and the crisis; rising prices are troubling the public; the city president opens the protest wearing a garland of empty bottles around his neck.

पेट्रोल-डीजल कीमतों और संकट को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, बढ़ती कीमतों से जनता परेशान, गले में खाली बोतलों की माला पहन शहर अध्यक्ष ने खोला मोर्चा

गरियाबंद : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान एवं जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में रविवार को पेट्रोल-डीजल संकट और बढ़ी हुई कीमतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गरियाबंद स्थित पेट्रोल पंपों के सामने प्रदर्शन किया. प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित मिरी और शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रेम सोनवानी ने किया.
पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में रविवार को गरियाबंद में कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन कर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. शहर के पेट्रोल पंप पर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में खाली जरीकैन और तख्तियां लेकर पहुंचे. जबकि शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम सोनवानी ने गले में खाली बोतलों की माला पहनकर महंगाई के खिलाफ विरोध जताया. प्रदर्शन को देखने बड़ी तादाद में लोग मौके पर जुटे रहे.
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री और सराफा बाजार में लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है. मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप पहुंचकर आम लोगों से संवाद भी किया और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा.
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ने से आम जनता, किसान और वाहन चालकों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है. साथ ही ईंधन संकट की वजह से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. प्रदर्शनकारियों ने सरकार से बढ़े हुए दाम फौरन वापस लेने और महंगाई पर नियंत्रण करने की मांग की.
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है. रसोई से लेकर खेती-किसानी और परिवहन तक हर क्षेत्र प्रभावित हो रहा है. सरकार को जनता की परेशानियों को देखते हुए राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए.
शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम सोनवानी ने कहा कि केंद्र की नीतियों के कारण हर वर्ग परेशान है. पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. जिसका असर सीधे रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरी है और यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.
दरअसल छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 17 मई से 20 मई तक प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर पहले दिन पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ पेट्रोल पंपों में प्रदर्शन किया गया. आगामी दिनों में किराना बाजार और सराफा बाजार में भी कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.
हाफिज खान ने कहा कि पिछले दो महीनों से देश और प्रदेश की जनता पेट्रोल, डीजल और गैस संकट से जूझ रही है. लेकिन केंद्र सरकार राहत देने के बजाय लोगों को कम उपयोग की सलाह दे रही है. प्रधानमंत्री किसानों को उर्वरक कम इस्तेमाल करने, कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम अपनाने, महिलाओं को गैस और खाद्य तेल की खपत घटाने और लोगों को सोना और विदेश यात्रा से बचने की सलाह दे रहे हैं. जो आम जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है.
विरोध प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष पवन सोनकर, रमेश शर्मा, महामंत्री नीरज ठाकुर, डिलेश्वर देवांगन, महेंद्र सिंह राजपूत, कमल यदु, नारायण साहू, उपाध्यक्ष रमेश मेश्राम, कुशल देवांगन, संदीप सरकार, छबि नेताम, ऐश्वर्य यदु, मंडल अध्यक्ष भानु सिन्हा, मनीष ध्रुव, विधानसभा अध्यक्ष अमृत पटेल, कादर हिंगोरा, महिला ब्लॉक अध्यक्ष हेमलता सिन्हा, सविता गिरी, प्रतिभा पटेल, ममता फुलझले, धनेश्वरी सिन्हा, डिलेश्वरी सिन्हा, सुजीत कुटारे, अक्तू राम यादव, लछमन चक्रधारी, रमेश सिन्हा सहित बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t