बंद मकान में मिली लाश का खुलासा, घर से निकालने की बात पर दोस्त को हथौड़े से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट, शव छोड़कर फरार, आरोपी रामचंद्र गिरफ्तार

Case of body found in locked house solved; accused Ramchandra arrested for bludgeoning a friend to death with a hammer following a dispute over eviction from the house and subsequently fleeing the scene.

बंद मकान में मिली लाश का खुलासा, घर से निकालने की बात पर दोस्त को हथौड़े से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट, शव छोड़कर फरार, आरोपी रामचंद्र गिरफ्तार

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बंद मकान से सड़ी-गली हालत में शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. प्रतापपुर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के आरोप में पुलिस ने मृतक के साथ रहने वाले रामचंद्र को गिरफ्तार किया है. आरोपी को कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र से पकड़ा गया. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने विवाद के बाद हथौड़े से हमला कर शोभाराम की हत्या करना कबूल किया है. अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक शोभाराम और आरोपी रामचंद्र पहले एक साथ रहते थे. दोनों प्रतापपुर थाना क्षेत्र स्थित शोभाराम के मकान में रह रहे थे. कुछ समय बाद शोभाराम ने रामचंद्र से अपना मकान छोड़कर दूसरी जगह चले जाने के लिए कहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रामचंद्र कथित तौर पर आक्रोशित हो गया.
आरोप है कि विवाद के दौरान रामचंद्र ने पास में रखे हथौड़े से शोभाराम के सिर पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से शोभाराम को गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी. उसने शव को मकान के अंदर ही छोड़ दिया और बाहर से दरवाजे पर ताला लगाकर फरार हो गया.
वारदात के बाद मकान कई दिनों तक बंद रहा. आसपास रहने वाले लोगों को शुरुआत में किसी अनहोनी की जानकारी नहीं हुई. कुछ दिनों बाद मकान के भीतर से तेज बदबू आने लगी. बदबू लगातार बढ़ने पर पड़ोसियों को शक हुआ.
उन्होंने इसकी खबर प्रतापपुर थाना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में मकान को खुलवाया. पुलिस जब मकान के अंदर दाखिल हुई तो वहां शोभाराम का शव सड़ी-गली हालत में मिला. शव की हालत देखकर अनुमान लगाया गया कि हत्या कई दिन पहले की गई थी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और जरुरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की. मामले में मर्ग कायम करने के साथ ही हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की गई.
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के साथ रहने वाले लोगों और आसपास के निवासियों से पूछताछ की. इसी दौरान रामचंद्र के बारे में अहम जानकारी मिली. वारदात के बाद से उसके फरार होने की वजह से पुलिस का शक गहरा गया. उसकी संभावित मौजूदगी का पता लगाने के लिए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर तलाश शुरू की.
तकनीकी और मैदानी सूचनाओं के आधार पर आरोपी के कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र में होने का सुराग मिला. इसके बाद पुलिस टीम सोनहत पहुंची और घेराबंदी कर रामचंद्र को हिरासत में लिया. प्रतापपुर लाकर उससे पूछताछ की गई.
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शोभाराम ने उसे मकान छोड़ने के लिए कहा था. इसी बात को लेकर विवाद होने पर उसने हथौड़े से उसके सिर पर वार कर दिया. मौत के बाद पकड़े जाने के डर से वह मकान में शव छोड़कर ताला लगाते हुए वहां से भाग गया था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है.
पूछताछ और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया. अदालत के आदेश पर रामचंद्र को न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया. पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य सबुतों को इकठ्ठा कर जांच पूरी करने में जुटी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?