तालाब किनारे मिली अज्ञात लाश की हुई पहचान, मचा हड़कंप, आसपास के लोगों से पूछताछ जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच में जुटी पुलिस
An unidentified body found on the bank of a pond has been identified, causing a stir. Police are investigating, and the post-mortem report is awaited.
दुर्ग : दुर्ग जिले के नंदनी थाना क्षेत्र के अहेरी गांव में दो दिन पहले तालाब किनारे मिली अज्ञात लाश की पहचान कर ली गई है. मृतक की पहचान बोडेगांव निवासी तेजपाल उर्फ लाला ताम्रकार उम्र 45 साल के रूप में हुई है. लाश की हालत काफी खराब होने की वजह से शुरुआती जांच में पहचान करना मुश्किल हो रहा था.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों ने तालाब किनारे एक लाश पड़े होने की खबर पुलिस को दी थी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पंचनामा कार्रवाई पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था.
जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्रोतों और स्थानीय जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान तेजपाल उर्फ लाला ताम्रकार के रूप में की. पहचान की पुष्टि होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शव काफी हद तक क्षत-विक्षत हो चुका था. जिससे मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका. इस कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
दुर्ग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत किन हालात में हुई है. फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगा कि मामला हत्या का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है. पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही मृतक की गतिविधियों और अंतिम बार उसे कहां देखा गया, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित एंगल पर जांच जारी है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग मामले के जल्द खुलासे की उम्मीद कर रहे हैं. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



