रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात, मोबाइल देखने की बात पर विवाद, छोटे भाई को उतारा मौत के घाट, गांव में मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
An incident that brings shame to familial bonds: a dispute over checking a mobile phone leads to the killing of a younger brother; the village is in a state of shock, and the police have launched an investigation.
धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मोबाइल देखने जैसी मामूली बात को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने गुस्से में आकर छोटे भाई पर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं गांव में भी सनसनी फैल गई है. यह मामला घटना खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम फरसगांव का है.
मोबाइल देखने की बात पर शुरु हुआ विवाद…
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को छोटा भाई कुंदन सोरी मोबाइल फोन देख रहा था. इसी दौरान बड़े भाई कैलाश सोरी ने उसे लगातार मोबाइल देखने को लेकर टोका. इसी बात पर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरु हो गई. देखते ही देखते विवाद ने उग्र रुप ले लिया. आरोप है कि गुस्से में आकर कैलाश सोरी ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपने छोटे भाई कुंदन सोरी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में कुंदन को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
खूनी वारदात से गांव में मचा हड़कंप…
घर में हुई इस खुनी वारदात के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई. जिस घर में दोनों भाई साथ रहते थे. वहां मामूली विवाद का इतना भयावह अंत होने से परिवार सदमे में है. वारदात की खबर मिलने पर खल्लारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया.
पुलिस ने शुरू की जांच…
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पंचनामा कार्रवाई की. मामले में आरोपी बड़े भाई के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस वारदात के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.
एक छोटी-सी बात पर शुरु हुआ विवाद एक परिवार के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गया. मोबाइल देखने को लेकर हुई कहासुनी का अंत छोटे भाई की मौत के रुप में हुआ.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



