Zomato के बाद Swiggy ने भी बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस, रेलवे ने बदले नियम, 8 घंटे पहले टिकट कैंसिल कराना जरुरी, स्टेशन पर कुली बुकिंग के लिए स्पेशल ऐप
After Zomato, Swiggy also increased platform fees, Railways changed rules, making it mandatory to cancel tickets 8 hours in advance, and a special app for booking porters at stations.
स्टेशन पर कुली बुकिंग के लिए स्पेशल ऐप
रायपुर : रेलवे स्टेशन पर उतरते ही कुली खोजने और किराए को लेकर होने वाली खींचतान अब बीते दिनों की बात होने वाली है. रायपुर रेल मंडल यात्रियों की सुविधा के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप तैयार कर रहा है. इस ऐप के जरिए यात्री घर बैठे या ट्रेन में सफर के दौरान ही अपने लिए कुली बुक कर सकेंगे.
रेलवे प्रशासन द्वारा तैयार किए जा रहे इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्टेशन के सभी लाइसेंसधारी कुलियों का पूरा विवरण दर्ज होगा. इसमें कुलियों के नाम, उनके बिल्ला नंबर और सबसे अहम्- सामान के वजन के मुताबिक निर्धारित किराया भी अंकित रहेगा. इससे यात्रियों को मोल-भाव करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और पारदर्शिता बनी रहेगी.
इस व्यवस्था को अंतिम रूप देने से पहले रेलवे यात्रियों की राय जान रहा है. रायपुर स्टेशन समेत अन्य प्रमुख केंद्रों पर क्यूआर स्कैनर लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर यात्री अपना फीडबैक दे रहे हैं. सर्वे में यात्रियों से 12 प्रमुख सवाल पूछे जा रहे हैं, जैसे:
क्या आप कुली बुक करने के लिए ऐप का उपयोग करना चाहेंगे?
क्या इस व्यवस्था से समय की बचत और पारदर्शिता आएगी?
क्या ऑनलाइन लेन-देन आपके लिए सुविधाजनक होगा?
प्रस्तावित ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें बुकिंग करते समय यात्रियों को अपना ट्रेन नंबर, कोच और सीट नंबर दर्ज करना होगा. जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंचेगी, बुक किया गया कुली सीधे यात्री के कोच के सामने मौजूद रहेगा. इससे बुजुर्गों, महिलाओं और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB
Zomato के बाद Swiggy ने भी बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस
फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी भी अपने प्रतिद्वंदी जोमैटो की राह पर चला है और प्लेटफॉर्म फीस बढ़ा दी है. स्विगी ने प्रति ऑर्डर प्लेटफॉर्म फीस को 17.58 रुपये (GST सहित) कर दिया है. पहले यह फीस 14.99 रुपये थी. जोमैटो ने पिछले सप्ताह फीस 12.50 रुपये से बढ़ाकर 17.58 रुपये कर दी थी. प्लेटफॉर्म फीस एक निश्चित शुल्क होता है, जो हर फूड डिलीवरी ऑर्डर पर लगाया जाता है, चाहे ऑर्डर की कीमत कुछ भी हो. स्विगी ने इससे पहले पिछले साल अगस्त 2025 में प्लेटफॉर्म फीस को 12 से बढाकर 14 रुपये किया था.
प्लेटफॉर्म फीस फूड डिलीवरी बिल का एक छोटा लेकिन तेजी से बढ़ता हिस्सा बनती जा रही है. भले ही यह राशि एक बार में कम लगे, लेकिन नियमित यूजर्स को इससे काफी चपत लगती है. कंपनियां आमतौर पर इन शुल्कों को तकनीकी लागत, ऐप मेंटेनेंस और कुल संचालन खर्च को कवर करने के लिए जरूरी बताती हैं. फीस बढ़ाने का समय भी दिलचस्प है. फूड डिलीवरी सेक्टर में नई प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है. जहां राइड-हेलिंग स्टार्टअप रेपिडो ने बेंगलुरु में अपनी सेवा ‘Ownly’ लॉन्च की है.
स्विगी का अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में शुद्ध घाटा सालाना आधार पर 33% बढ़कर 1,065 करोड़ रहा था. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 799 करोड़ का घाटा हुआ था. कंपनी के ऑपरेशनल रेवेन्यू में 54% की बढ़ोतरी हुई है. तीसरी तिमाही में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 6,148 करोड़ रुपए रहा. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का राजस्व 3,993 करोड़ रहा था.
कंपनी का घाटा बढ़ने की मुख्य वजह उसके बढ़ते ऑपरेशनल खर्चे हैं. ये खर्चे तीसरी तिमाही में 49% बढ़कर 7,298 करोड़ रुपये हो गए हैं. कंपनी विज्ञापन, नेटवर्क विस्तार और डिलीवरी पर काफी पैसा खर्च कर रही है, जिससे कमाई बढ़ने के बावजूद घाटे में है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB
रेलवे ने बदले नियम, 8 घंटे पहले टिकट कैंसिल कराना जरुरी
भारतीय रेलवे ने टिकटों की कालाबाजारी पर लगाम कसने और आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपने रिफंड नियमों में परिवर्तन किया है. 1 अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच लागू होने वाले इन नए नियमों के तहत अब टिकट कैंसिल कराने पर रिफंड की राशि समय के आधार पर तय की जाएगी.
नए नियमों के अनुसार, अगर कोई यात्री ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान समय से 8 घंटे पहले टिकट रद्द करता है. तो उसे किसी भी प्रकार का रिफंड नहीं मिलेगा। वहीं, 24 घंटे से 8 घंटे के बीच टिकट कैंसिल कराने पर सिर्फ 50% राशि ही वापस की जाएगी. इसके अलावा, अगर टिकट 72 घंटे पहले रद्द किया जाता है, तो यात्री को 75% तक रिफंड मिलेगा. नए नियम 1 अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच लागू होंगे.
कैसे कैंसिल करा सकेंगे टिकट
नए प्रावधानों के तहत अब यात्री ऑफलाइन मोड में किसी भी स्टेशन से अपना टिकट कैंसिल करा सकेंगे.
कोच और क्लास बदलने का विकल्प
यही नहीं, अब यात्री अपनी सीट भी अपडेट कर सकेंगे. ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान समय से 30 मिनट पहले तक कोच और क्लास बदलने का विकल्प दिया जाएगा. यानी यात्री चाहें तो 3rd AC से 1st AC में अपनी सीट अपग्रेड कर सकेंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



