आरक्षक ने लगाई नदी के पुल में छलांग, महकमे में मचा हड़कंप, बाइक के पास मिले आईडी कार्ड और मोबाइल, तलाश में जुटी एसडीआरएफ की टीम
A police constable jumped from a river bridge, causing a stir within the department; an ID card and a mobile phone were found near his motorcycle, and an SDRF team is now engaged in a search operation.
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां केंदई के पास हसदेव नदी के पुल से एक आरक्षक के छलांग लगा दी है. आरक्षक की बाइक पुल पर खड़ी मिली है. जिसके पास मोबाइल, पर्स, पुलिस आईडी कार्ड और आधार कार्ड बरामद हुए हैं. घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरक्षक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है. यह मामला मोरगा चौकी क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक हसदेव नदी के पुल पर आरक्षक सुनील बेक उम्र 31 साल की बाइक नम्बर CG14 MX 1898 खड़ी मिली. बाइक के पास ही उसका मोबाइल, पर्स, पुलिस आईडी कार्ड और आधार कार्ड भी मिला है. मौके पर मिले सामान के आधार पर आरक्षक के नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है. सुनील सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र की तारापुर चौकी में आरक्षक के पद पर पदस्थ है. पुल पर बाइक और व्यक्तिगत दस्तावेज मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित थाना और चौकी को खबर दी.
मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ की टीम बुलाई घटना की जानकारी मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी. पुलिस ने बाइक के पास मिले दस्तावेजों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. आरक्षक की तलाश के लिए एसडीआरएफ के गोताखोरों की टीम को बुलाया गया.
बताया जा रहा है कि हसदेव नदी में पानी का बहाव तेज है. ऐसे में नदी में तलाशी और रेस्क्यू अभियान चलाने में कठिनाई हो रही है. पुलिस और रेस्क्यू टीम आरक्षक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है. वहीं देर रात होने की वजह से खोजबीन सुबह किए जाने की बात सामने आई है. फिलहाल आरक्षक ने नदी में छलांग कब और किन हालात में लगाई. यह साफ नहीं हो पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरक्षक की तलाश जारी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



