खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रही मिनी बस 20 फीट नीचे नाले में गिरी, मची चीख पुकार, 8 श्रद्धालुओं की मौत, 17 श्रद्धालु घायल, शोक का माहौल
A minibus heading for a pilgrimage to Khatu Shyamji fell 20 feet into a ditch; amidst the ensuing cries and chaos, 8 pilgrims lost their lives and 17 others were injured, casting a pall of grief.
कोटा : राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मध्य प्रदेश से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रही 25 से ज्यादा श्रद्धालुओं से भरी एक मिनी बस (टेम्पो ट्रैवलर) अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई. इस हादसे में मध्य प्रदेश के रहने वाले 8 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि 17 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए. श्रद्धालु बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम घाट बिरोली और अन्य जगह के बताए जा रहे हैं. श्रद्धालुओं के परिवारों में शोक का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 6 बजे सिमलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कराड़िया टोल से कुछ ही दूरी पर टेम्पो ट्रैवलर भोपाल से खाटू श्यामजी (राजस्थान) की तरफ जा रही थी. रास्ते में कराड़िया टोल प्लाजा के पास अनियंत्रित होकर बस पुलिया से करीब 15 फीट नीचे गहरे नाले में जा गिरी.
भीषण टक्कर की वजह से ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने गाड़ी के कांच तोड़कर अंदर फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला. कई शव और घायल श्रद्धालु सीटों के बीच बुरी तरह फंसे हुए थे. जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर खींचा जा सका.
खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. हादसे में घायल 17 श्रद्धालुओं को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल लाए गए कई घायल श्रद्धालु बेसुध हालत में थे. जिन्हें डॉक्टरों की टीम ने सीपीआर दिया और ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा.
हादसे के वक्त सीटों के बीच बुरी तरह दबने की वजह से ज्यादातर घायल श्रद्धालुओं के सिर में गंभीर चोटें आई हैं. और हाथ-पैरों में फ्रैक्चर हुआ है. आगे की सीटों पर बैठे श्रद्धालुओं को सबसे ज्यादा चोट पहुंची है.
मृतकों की पहचान अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू के रूप में बताई गई है। ये सभी मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के निवासी बताए गए हैं. इसके अलावा बस चालक की भी हादसे में मौत हुई है. दुर्घटना में जान गंवाने वालों की खबर से उनके परिजनों और परिचितों में शोक की लहर है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



