पेट्रोल पंप पर देर रात जमकर हंगामा, युवकों ने कार सवार को मारा थप्पड़, लाठी लेकर दौड़ता दिखा स्टाफ, पैदल घुमाकर मांगी सार्वजनिक माफी

A late-night commotion erupted at a petrol pump, with young men slapping a car driver. Staff were seen running with sticks and then publicly apologizing.

पेट्रोल पंप पर देर रात जमकर हंगामा, युवकों ने कार सवार को मारा थप्पड़, लाठी लेकर दौड़ता दिखा स्टाफ, पैदल घुमाकर मांगी सार्वजनिक माफी

दुर्ग : दुर्ग जिला में भिलाई के सेक्टर-6 स्थित पुलिस पेट्रोल पंप में गुरुवार देर रात जमकर हंगामा हो गया. पेट्रोल भराने पहुंचे एक युवक के साथ पहले सड़क किनारे मारपीट की गई. इसके बाद जब युवक पेट्रोल पंप पहुंचा तो विवाद बढ़ गया. घटना का वीडियो भी सामने आया है. जिसमें पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी भी डंडा लेकर भागता नजर आ रहा है.
बीएसपी कर्मचारी बी. एस. श्रीनिवास राव ने भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस को बताया कि शहर के ज्यादातर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म हो गया था. उन्हें जानकारी मिली थी कि सेक्टर-6 पुलिस पेट्रोल पंप पर पेट्रोल मिल रहा है. इसी वजह से वे अपनी कार नम्बर CG 07 CY 4612 से रात करीब 11:35 बजे सेक्टर-6 की तरफ जा रहे थे.
परिवार चौक के आगे उन्होंने दोस्त का फोन आने पर अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर दी और नीचे उतरकर मोबाइल पर बात करने लगे. इसी दौरान दो बाइक में सवार 4 युवक पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे.
मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए उनके साथ मारपीट की. शिकायतकर्ता ने बताया कि एक युवक ने उनके गाल पर थप्पड़ भी मारा। सभी युवक शराब के नशे में थे.
घटना के बाद चारों युवक वहां से भाग गए. इसके बाद श्रीनिवास राव पेट्रोल भराने सेक्टर-6 पुलिस पेट्रोल पंप पहुंचे. वहां काफी भीड़ लगी थी. इसी दौरान उन्होंने देखा कि चारों युवक पेट्रोल पंप पर मौजूद हैं. उन्होंने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को बुलाकर पूरी बात बताई.
इसके बाद कर्मचारियों ने युवकों को पकड़ने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि इस दौरान पेट्रोल पंप के स्टाफ और आरोपियों के बीच भी झूमाझटकी हुई. मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. दो युवक वहां से भाग निकले. जबकि दो को पकड़ लिया गया. पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रितिक चौहान और अभिषेक वाशनिक बताया.
शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी लगातार गाली-गलौज कर रहे थे. जिससे वहां मौजूद लोग भी परेशान हो गए. मामले में भिलाई नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर रितिक चौहान, अभिषेक वाशनिक और उनके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296, 3(5) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपियों को उसी सेक्टर-6 पुलिस पेट्रोल पंप पर ले जाकर उनका जुलूस भी निकाला गया. जहां उन्होंने हंगामा और मारपीट की थी. वहीं घटना में शामिल बाकी दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t